UP सरकार ने तेज की LPG वितरण निगरानी, कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पश्चिम एशिया में तनाव के कारण फैली अफरा-तफरी के दौरान जमाखोरी के मद्देनजर जिलों में एलपीजी और ईंधन वितरण की निगरानी तेज कर दी है और जमाखोरी व कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने बार-बार भरोसा दिलाया है कि राज्य में एलपीजी या पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। कन्नौज जिले में शुक्रवार को गुरसहायगंज कस्बे में कालाबाजारी के आरोपों के बाद छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर और बुकिंग रिकॉर्ड जब्त किए।
छिबरामऊ के उप ज़िलाधिकारी (एसडीएम) ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने बताया कि बगिया इलाके के एक घर में एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण व बिक्री की सूचना मिली थी। द्विवेदी ने कहा, "सूचना मिली थी कि परिसर में कालाबाजारी के लिए 150 से अधिक सिलेंडर जमा किए जा रहे थे। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।"
छापेमारी के दौरान, अधिकारियों ने घर के एक कमरे से 11 खाली सिलेंडर और एक भरा हुआ सिलेंडर बरामद किया, साथ ही 113 गैस बुकिंग पुस्तिका भी मिलीं। एसडीएम ने कहा, "प्रारंभिक जांच के दौरान गैस एजेंसी के संचालक और कुछ कर्मचारियों के बीच मिलीभगत का संकेत मिला है।
सिलेंडर और बुकिंग बुक जब्त कर ली गई हैं और जांच शुरू कर दी गई है।" अधिकारियों ने बताया कि इस बीच, देवरिया जिले में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों ने घोषणा की है कि शनिवार से एलपीजी सिलेंडरों की होम डिलीवरी पूरी तरह से फिर से शुरू हो जाएगी।
मित्तल ने कहा कि सिलेंडरों का वितरण "पहले आओ, पहले पाओ" के सिद्धांत के अनुसार होगा। उन्होंने कहा, "जिन उपभोक्ताओं ने पहले बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी और सभी बुकिंग क्रमानुसार पूरी की जाएंगी।"
उन्होंने लोगों से धैर्य रखने और अफवाहों पर विश्वास न करने का आग्रह किया। मित्तल ने कहा, "कालाबाजारी या अधिक कीमत पर बिक्री के मामलों में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।" लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने एलपीजी एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे सिलेंडरों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें और उपभोक्ताओं को असुविधा न हो।
नागपाल ने कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार है और लोगों से अपील की कि वे घबराकर खरीदारी न करें। जिला आपूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने भी कहा कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से चल रही है।
