UP : बरेली को मिला सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में पहला स्थान
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने के लिए लागू मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की फरवरी रैंकिंग में बरेली जिले ने पहला स्थान हासिल किया है। जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और बेहतर फीडबैक के आधार पर बरेली ने 10 में से 9.65 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान पाया।
सीएम डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन जनशिकायतों के समाधान, शिकायतों पर कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर किया जाता है। इन सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए बरेली प्रशासन ने यह उपलब्धि हासिल की है। फरवरी रैंकिंग में शाहजहांपुर ने 9.53 अंक के साथ दूसरा और मैनपुरी ने 9.50 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है। प्रशासनिक स्तर पर शिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण और सकारात्मक फीडबैक ने इन जिलों की रैंकिंग मजबूत की है।
रैंकिंग में अन्य जिलों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है। लखीमपुर खीरी ने 9.46 अंक के साथ चौथा, जालौन ने 9.45 अंक के साथ पांचवां और रामपुर ने 9.39 अंक के साथ छठा स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा हमीरपुर सातवें, बाराबंकी आठवें, पीलीभीत नौवें और श्रावस्ती दसवें स्थान पर रहे।
