UP में मार्च की तपिश अब मिलेगा आराम... IMD ने जारी किया ओले, आंधी-बारिश का अलर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर प्रदेश में इन दिनों मार्च महीने में ही भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। तेज धूप और चुभती गर्मी से दिनभर हाल बेहाल रहता है। आज 14 मार्च को भी पूरे दिन साफ आसमान और तीखी धूप का अनुभव रहेगा, जबकि तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर बना हुआ है। प्रदेश के सभी जिलों में अभी कोई बारिश या बादलों की उम्मीद नहीं है।

लेकिन राहत की खबर है, कल यानी 15 मार्च से मौसम पूरी तरह बदलने वाला है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा और इसका असर यूपी पर भी पड़ेगा।

कब और कहाँ होगा बदलाव?

- 15 मार्च (रविवार) से पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) की रफ्तार, बिजली चमकने और मेघगर्जन का अनुमान है।

- 16 मार्च (सोमवार) को स्थिति और गंभीर हो सकती है। कई जिलों में ओलावृष्टि की स्पष्ट चेतावनी जारी की गई है। प्रभावित जिलों में शामिल हैं—बिजनौर, रामपुर, सीतापुर, बहराइच, बलरामपुर, गोरखपुर, बलिया, गाज़ीपुर, कुशीनगर आदि। वहीं सहारनपुर, बाराबंकी, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।

तापमान पर असर

इस बारिश और आंधी के चलते अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी। न्यूनतम तापमान में भी 3-5 डिग्री तक अचानक कमी देखी जा सकती है। हालांकि, इसके बाद मौसम में कोई बड़ा उलटफेर नहीं दिख रहा है।

किसानों और आम लोगों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह है, क्योंकि ओले और तेज हवाएं फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। IMD के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण है, जो हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश-ओले ला रहा है।

 

संबंधित समाचार