लखनऊ को मिली ट्रैफिक जाम से मुक्ति : IIM रोड से समता मूलक चौक तक की दूरी 10 मिनट की, फेज-2 लॉन्च के बाद अब फेज तीन और चार की बारी...
लखनऊ, अमृत विचार : ग्रीन कॉरिडोर फेज-2 का शुक्रवार शाम लोकार्पण होने के साथ ही वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। एलडीए अधिकारियों का दावा है कि सिक्स लेन रोड पर आईआईएम रोड से समता मूलक चौक तक की दूरी 10 मिनट में पूरी की गई। 1,519 करोड़ से तैयार इस कॉरिडोर पर रोजाना लगभग 15 लाख लोग आवागमन करेंगे और इन्हें जाम से निजात मिलेगी। फेज-3 और फेज-4 क नींव भी रखी गई, इसका निर्माण होने से पिपराघाट से सीधे किसान पथ तक वाहन पहुंचेंगे।
समता मूलक चौक, निशातगंज, डालीगंज में प्रवेश द्वार बनाए गए। कॉरिडोर को फूल मालाओं और गमले रखकर सजाया गया था। समता मूलक चौक पर कॉरिडोर का फीता काटने के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल काफिला के साथ फेज-2 के नए रूट निशातगंज होते हुए डालीगंज पहुंचे। वहां पर ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया। रक्षामंत्री और मुख्यंत्री ने निर्माण श्रमिकों पर फूल बरसाए और उन्हें सामग्री भेंट की। इसके बाद झूलेलाल वाटिका में जनसभा को संबोधित किया। जनसभा के बाद निशातगंज के पास लंबा जाम लग गया, जिससे लोग परेशान हुए। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया।
कम हुई दूरी, भीषण जाम से मिलेगी निजात
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आईआईएम रोड से किसान पथ तक ग्रीन कॉरिडोर की योजना है। पहले चरण में आईआईएम रोड से पक्का पुल तक 6.8 किमी पुल बनाकर 11 मार्च 2024 को लोकार्पण किया गया था। दूसरे चरण में डालीगंज से निशातगंज होते हुए समतामूलक चौक तक 7 किमी पुल तैयार किया है। समता मूलक से वाहन एलडीए कार्यालय और होटल ताज होते हुए सीधे शहीद पथ पहुंचने लगे हैं। इस 7 किमी पुल के संचालित होने से हजरतगंज, डालीगंज और निशातगंज जैसे घनी आबादी वाले और व्यस्ततम क्षेत्रों में भीषण जाम से राहत मिलेगी। दूसरे चरण के एलाइनमेंट में आने वाले 166 पेड़ों को काटने के बजाय दूसरी जगह प्रत्यारोपण करके यह रूट तैयार किया है।
ग्रीन कॉरिडोर के नीचे बनेंगे तीन स्पोर्ट एरीना
ग्रीन कॉरिडोर के तहत डालीगंज पुल, हनुमान सेतु व निशातगंज पुल के नीचे तीन स्पोर्ट एरीना बनेंगे। जहां, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस, पिकेल बॉल व बॉक्स क्रिकेट आदि सुविधा मिलेगी। बच्चों व युवाओं के लिए किड्स प्ले-एरिया व ओपन जिम भी रहेगा। ग्रीन कॉरिडोर के नीचे खाली स्थान पर लोगों के मनोरंजन व जरूरत के अनुसार सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इन चरणों में ऐसे तैयार हुआ ग्रीन कॉरिडोर
फेज 1 - 299 करोड़ से आईआईएम रोड से पक्का पुल तक 6.8 किमी निर्माण
फेज 2 - 1220 करोड़ से डालीगंज, निशातगंज होते हुए समता मूलक चौक तक 7 किमी निर्माण
फेज 3 - पिपराघाट से शहीदपथ तक निर्माण प्रगति पर
फेज 4 - शहीदपथ से किसान पथ तक निर्माण की तैयारी
ये सुविधाएं भी मिलेंगी
- कुकरैल नदी के पास 18 एकड़ क्षेत्रफल में उर्मिला वन
- उर्मिला वन व रिवर फ्रंट पर सुगम आवागमन के लिए स्लिप रोड बनेगी
- निशातगंज से हनुमान सेतु के मध्य खाटू श्याम मंदिर के पास पार्किंग व वेंडिग जोन
कॉरिडोर में ये हुआ निर्माण
- 4 लेन ब्रिज, बंधा निर्माण व चौड़ीकरण, सड़क निर्माण, गऊघाट ब्रिज, फ्लाईओवर, हनुमान सेतु ब्रिज, निशातगंज ब्रिज, रोटरी, निशातगंज से कुकरैल तक नदी तक बंधा, कुकरैल ब्रिज
