Moradabad: ई-कचरा और पीतल गलाने वाली भट्ठियों को प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने भेजे नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर और आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित ई-कचरा और पीतल गलाने वाली भट्ठियों पर अब कार्रवाई का चाबुक चलने की तैयारी है। क्षेत्रीय अधिकारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इस संबंध में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम और नगर पंचायतों को नोटिस भेजकर अवैध भट्ठियों को बंद कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डीके के गुप्ता ने बताया कि विभाग की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि घनी आबादी वाले इलाकों में संचालित ई-कचरा और पीतल गलाने वाली भट्ठियां पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। इनसे निकलने वाला धुआं और जहरीली गैसें आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम और जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

 इसके लिए संबंधित प्राधिकरणों को रिपोर्ट भेज दी गई है। अब आगे की कार्रवाई के लिए निदेशालय स्तर से अनुमति मिलने के बाद सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भट्ठी संचालक अक्सर कार्रवाई की लंबी प्रक्रिया का फायदा उठा लेते हैं। जब तक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से औपचारिक अनुमति मिलती है, तब तक कई भट्ठी मालिक अपना कारोबार किसी दूसरे स्थान पर शुरू कर देते हैं। इससे समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि अब संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर अवैध भट्ठियों को चिन्हित किया जा रहा है।

संबंधित समाचार