BBD League : अखिल इंफ्रा, यार्कर क्लब और यूपी टिंबर ने जीत के साथ हासिल किए पूरे अंक
लखनऊ, अमृत विचार: 21वीं बाबू बनारसी दास ए डिवीजन क्रिकेट लीग के तहत शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में अखिल इंफ्रा क्रिकेट क्लब, यार्कर क्रिकेट क्लब और यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब ने शानदार जीत दर्ज करते हुए पूरे अंक अपने नाम किए। अखिल इंफ्रा ने लाइफ केयर क्लब को छह विकेट से, यार्कर क्रिकेट क्लब ने डीवाईए को 137 रन से और यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब ने कूह स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को नौ विकेट से हराया।
जीसीआरजी ग्राउंड पर खेले गए मैच में कूह स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 36.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 183 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र एक विकेट खोकर 22.4 ओवर में 188 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज विश्वजीत मिश्रा ने नाबाद 111 रन की शतकीय पारी खेली। गेंदबाजी में प्रियांशु श्रीवास्तव ने चार और मिलन यादव ने तीन विकेट झटके।
वहीं स्पोर्ट्स गैलेक्सी बी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में लाइफ केयर क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 36 ओवर में सभी विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाब में अखिल इंफ्रा क्रिकेट क्लब ने 23.4 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की। टीम की ओर से हर्षजीत सिंह ने 58 और विपिन चंद्रा ने 45 रन बनाए। गेंदबाजी में विपिन चंद्रा ने तीन और शाश्वत कृष्णा ने दो विकेट हासिल किए।
इसके अलावा डॉ. अखिलेश दास स्टेडियम में खेले गए मैच में यार्कर क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में आठ विकेट पर 274 रन बनाए। समर्थ दीक्षित ने 84 और भवी शर्मा ने 51 रन की अहम पारियां खेलीं। जवाब में उतरी डीवाईए की टीम 27.4 ओवर में 137 रन पर सिमट गई। यार्कर क्लब की ओर से जैनुद्दीन ने चार, सार्थक ने तीन और नवनीत ने दो विकेट लेकर टीम को 137 रन से जीत दिलाई।
ये भी पढ़ें :
Ayodhya Premier League: दूसरे दिन गंगा वारियर्स-गोमती थंडर ने जीता लीग मुकाबला, ध्रुव प्रताप-प्रियांशु रहे मैन-ऑफ-द-मैच
