राष्ट्रपति उतारेंगी श्रीराम यंत्र की पहली आरती: यज्ञशाला से गर्भगृह में पहुंचेगा श्रीराम यंत्र, नगर निगम करेगा प्रकाश का इंतजाम
अयोध्या, अमृत विचार। राममंदिर के द्वितीय तल पर तीसरे गर्भगृह में श्रीराम यंत्र की स्थापना कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली आरती उतारेंगी। इसके बाद से प्रतिदिन यंत्र का पूजन अनुष्ठान परंपरागत किया जाएगा। इसके लिए मंदिर यज्ञशाला में सात दिवसीय अनुष्ठान प्रारंभ हुआ है। पहले दिन कलश यात्रा, प्राश्चित पूजन के बाद दूसरे दिन शुक्रवार से श्री राम जानकी महायज्ञ शुरू हुआ।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ.अनिल मिश्रा तीसरे स्थापना उत्सव के भी मुख्य यजमान बनाए गए है। अयोध्या, काशी, दिल्ली और महाराष्ट्र से आए श्री 51 वैदिक आचार्यों ने श्री राम यंत्र की स्थापना अनुष्ठान की शुरुआत की है,18 मार्च को गर्भगृह में यंत्र को स्थापित कर स्थित इस अनुष्ठान की पूर्ण आहुति होगी।
कार्यक्रम के आचार्य इंद्रदेव मिश्र ने बताया कि इस अनुष्ठान में 1,60,000 आहुति दी जाएंगी। इसके लिए प्रतिदिन पुरुषोक्त का पाठ होने के बाद हवन कुंड ने आहुति दी जा रही है। इसमें मुख्य यज्ञाचार्य चंद्र भानु शर्मा है। महाराष्ट्र से ब्रह्मा रेणुका दास, उपाचार्य रविन्द्र पैठाड़े व काशी से आचार्य आए हुए हैं। अनुष्ठान दो शिफ्ट में किया जा रहा है।
ट्रस्टी और अनुष्ठान के यजमान डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि यज्ञशाला में नौ कुंडों पर हवन-पूजन का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ है। इस यंत्र को दो वर्ष से मंदिर में पूजन किया जा रहा था। उसकी स्थापना का 19 मार्च को वर्ष प्रतिपदा को होनी है। कार्यक्रम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से संपन्न होगा। जिसका पूजन-अर्चन करने के लिए 51 विद्वान मंदिर परिसर की यज्ञशाला में पूजन कर रहे हैं। इस यंत्र को 18 मार्च को ही गर्भगृह में मंत्रोच्चारण के साथ हवन कुंड से गर्भगृह में ले जाया जाएगा। 19 मार्च को अभिजीत मुहूर्त में स्थापना के साथ यंत्र की पहली स्थापना आरती महामहिम राष्ट्रपति के द्वारा उतारी जाएगी।
श्री राम यंत्र स्थापना कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण
19 मार्च को राम मंदिर में आयोजित श्री राम यंत्र की स्थापना का लाइव प्रसारण किया जाएगा। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का लगभग चार घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें राम मंदिर के भूतल पर श्री रामलला और प्रथम तल पर राम दरबार का दर्शन पूजन करेंगी। उसके बाद द्वितीय तल पर श्री राम यंत्र की स्थापना कर, आमंत्रित अतिथियों को संबोधित भी करेंगी। इस दौरान इस पूरे कार्यक्रम का दूरदर्शन के माध्यम से लाइव प्रसारण किया जाएगा।
19 को स्वच्छता और सुंदरता के शिखर पर नजर आएगी रामनगरी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को जब श्रीराम मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम महायंत्र स्थापित कर रही होंगी, उस वक्त मंदिर परिसर से बाहर पूरे नगर की छटा भी अलौकिक नजर आएगी। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले हजारों अतिथि व लाखों श्रद्धालु रामनगरी की दिव्यता के साथ स्वच्छता के पैमाने पर मॉडल नगर निगम का अक्स जेहन में उतार कर लौटें, इसके लिए नगर निगम खास तैयारी कर रहा है। खास तौर पर 20 पार्किंग स्थलों पर प्रकाश के खास इंतजाम किए जाएंगे।
नगर निगम के तिलक हाल में आयोजित तैयारी बैठक में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने अधिकारियों को नगर के सभी अंडरपास, बृहस्पति कुंड, लता चौक, राम की पैड़ी, सरयू तट पर सजावट के खास निर्देश दिए। यहां पेयजल का भी इंतजाम किया जाएगा। मंदिर परिसर के अलावा इन स्थलों पर आगंतुकों के भ्रमण की संभावना अधिक है।
इसके साथ ही अतिथियों के ठहरने के लिए चिन्हित किए गए स्थलों, वाहन पार्किंग स्थलों, भंडारा स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, टैक्सी स्टैंड पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय किया गया है। फुटपाथ से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। महापौर ने 20 पार्किंग स्थलों पर सफाई एवं प्रकाश का प्रबंध करने का निर्देश दिया। नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव 17 मार्च तक कर लिया जाय। जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि रैन बसेरा एवं वाटर एटीएम की आवश्यकता अनुसार मरम्मत एवं सफाई भी सुनिश्चित होगी।
साढ़े आठ किलोमीटर लंबे आवागमन मार्ग पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट एवं पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध रहने का निर्णय लिया गया। मार्ग पर लगभग 20 जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंचन की व्यवस्था होगी, जहां सफाई और पेयजल का विशेष इंतजाम रखना होगा। इस मार्ग को पौधों से भी सजाया जाएगा। भंडारा स्थल पर पेयजल की व्यवस्था और सफाई के लिए कर्मचारी तैनात करने का निर्देश दिया गया। अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, सभी जोनल अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
ये भी पढ़ें :
एलपीजी बुकिंग में छूट रहे छक्के, होटलों में जलीं कोयले की भट्ठियां;काॅमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति अब भी ठप, लगी रहीं लाइन
