Vehicle Fitness Campaign : कुशीनगर में चलेगा सघन अभियान, स्कूली अनफिट वाहन पर होगी कार्रवाई
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के लिए मार्च माह में सघन अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी मुहम्मद अजीम ने दी।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग ने यह निर्णय लिया है। नए शैक्षणिक सत्र के मद्देनज़र जिले में पंजीकृत सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस की वैधता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच और प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों को बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद उनके वाहनों की फिटनेस नहीं कराई गई है, उनके कारणों की भी जांच की जाएगी। इसके लिए थानावार स्कूली वाहनों की सूची शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवहन विभाग ने निर्देश दिया है कि जिन विद्यालयों में बच्चों को स्कूली वाहनों से लाया और ले जाया जाता है, उनके प्रबंधक या प्रधानाचार्य यह प्रमाण पत्र देंगे कि उनके विद्यालय में कोई भी अनफिट वाहन संचालित नहीं हो रहा है।
अभियान के दौरान 15 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों की विशेष जांच की जाएगी। साथ ही ऐसे निजी वाहनों की भी जांच होगी जिनका उपयोग विद्यार्थियों को लाने-ले जाने में किया जाता है। स्कूली वाहनों में सीटिंग क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की भी सख्ती से जांच की जाएगी।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि कम उम्र के बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
