अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम, 'गिव टू गेन' थीम पर कार्यशाला आयोजित

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सतरिख स्थित टीआरसी लॉ कॉलेज में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर कोतवाली सतरिख और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतरिख के संयुक्त तत्वावधान में ‘गिव टू गेन’ थीम पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ डा. शैलेन्द्र सिंह, डा. प्रीति, उपनिरीक्षक नेहा उत्तम, उपनिरीक्षक उपेन्द्र यादव तथा कॉलेज प्राचार्य डा. अश्वनी कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। परास्नातक विभागाध्यक्ष डा. अविनाश मिश्रा ने विषय की प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए। 

डा. प्रीति ने छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन की जानकारी देते हुए बताया कि यह टीका 14 से 24 वर्ष की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में सहायक है। उपनिरीक्षक नेहा उत्तम ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। 

वहीं डा. शैलेन्द्र सिंह ने महिलाओं के शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त होने की आवश्यकता बताई। उपनिरीक्षक उपेन्द्र यादव ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सहायता से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम में बीए एलएलबी की छात्राओं ने भी अपने विचार रखे। 

प्राचार्य डा. अश्वनी कुमार गुप्ता ने कहा कि आधुनिकता को अपनाते हुए हमें अपनी संस्कृति को भी बनाए रखना चाहिए। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से महिलाओं को सेनेटरी पैड, कैल्शियम व आयरन की गोलियां वितरित की गईं।

कार्यक्रम में डा. दीपमाला श्रीवास्तव, डा. वीर विक्रम सिंह, डा. नवीन कुमार सिंह, डा. मंजय कुमार यादव, डा. अमजद अंसारी, प्रवक्ता अंकित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में प्रवक्ता रोहिणी त्रिपाठी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

ये भी पढ़ें : 
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ताजमहल का दीदार होगा बिलकुल मुफ्त, आगरा किला समेत अन्य स्मारकों में नहीं लगेगा टिकट

 

संबंधित समाचार