Uttrakhand: पांच साल बाद भी शहर में अधिकांश घरों में नहीं पहुंची पीएनजी
हल्द्वानी, अमृत विचार। एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती बुकिंग और गैस गोदामों में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए केंद्र सरकार ने आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील की है। सरकार का कहना है कि घरों में पाइपलाइन के जरिए मिलने वाली पीएनजी गैस से उपभोक्ताओं को सिलेंडर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और गैस की आपूर्ति भी नियमित बनी रहेगी।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव सुजाता शर्मा की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया कि देशभर में पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से पहुंचने वाली गैस की सप्लाई में किसी तरह की कमी नहीं आएगी और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस मिलती रहेगी।
शहर में करीब पांच साल पहले पीएनजी लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया था। हालांकि लंबे समय तक यह काम अधूरा रहा, लेकिन बाद में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद कई घरों में कनेक्शन दिए गए। इसके बावजूद आज भी कई घर ऐसे हैं, जहां कनेक्शन होने के बावजूद गैस की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। शहर के जज फार्म और हीरानगर क्षेत्र में भी पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और अधिकांश घरों में कनेक्शन दे दिए गए हैं, लेकिन कई घरों में अब तक सप्लाई शुरू नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है।
जज फार्म निवासी रमेश पपनै ने बताया कि उनके घर में पीएनजी की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है, लेकिन क्षेत्र के कई घरों में अभी भी गैस सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि इलाके में लगभग 500 परिवार रहते हैं और कई लोग अभी भी सिलेंडर पर निर्भर हैं। वहीं, हीरानगर निवासी हर्ष पांडे ने बताया कि उनके घर में पीएनजी गैस की सप्लाई हो रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के बाद कई उपभोक्ताओं ने कनेक्शन ले लिया है, लेकिन कुछ घरों में अभी भी गैस की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
