एसआईआर : बरेली में 1.47 लाख, शाहजहांपुर में 1.98 लाख वोटरों का नहीं हुआ सत्यापन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पंचायत निर्वाचक नामावली से डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने के लिए सत्यापन कार्य कराया जा रहा है। डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कार्य 16 मार्च तक पूरा करने के निर्देश हैं, लेकिन अभी 50 लाख से ज्यादा ऐसे डुप्लीकेट वोटर हैं, जिनका सत्यापन कार्य नहीं हुआ है। शनिवार और रविवार को दो दिन अवकाश रहने की वजह से भी कार्य प्रभावित हुआ। ऐसे में वृहद पुनरीक्षण कार्य की फिर तारीख बढ़ने की संभावना जतायी गयी है।

राज्य निर्वाचन आयोग से रोजाना डुप्लीकेट वोटरों की सूची जारी की जाती है ताकि जिले के अधिकारी सत्यापन कार्य में तेजी लाएं। 13 मार्च तक की रिपोर्ट के अनुसार बरेली मंडल सहित 60 ऐसे जिले हैं जिनमें 50 लाख से ज्यादा डुप्लीकेट वोटर हटाए जाने हैं। जिलों में डुप्लीकेट वोटरों के आंकड़े पहले ही राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से भेजे जा चुके हैं। जारी रिपोर्ट के अनुसार बरेली में 147882 वोटर, शाहजहांपुर में 198454 वोटर, बदायूं में 47185 और पीलीभीत जनपद में 43706 वोटर ऐसे हैं, जिनका सत्यापन नहीं हुआ है।

इसके अलावा सीतापुर में 163964 वोटर, लखीमपुर खीरी में 88407 डुप्लीकेट वोटरों का सत्यापन होना है। इस कार्य में उन्नाव, चंदौली, फतेहपुर, मीरजापुर, वाराणसी, श्रीवास्ती, हरदाेई, हापुड़ में शत प्रतिशत डुप्लीकेट वोटरों का सत्यापन हो चुका है। हालांकि, अधिकारियों ने तारीख फिर बढ़ने की संभावना जताई है। पहले यह कार्य 16 फरवरी तक होना था। इसकी तारीख बढ़ाकर 16 मार्च कर दी गयी थी, अब यह तारीख भी नजदीक आ गयी है। इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत सतीश मौर्य ने बताया कि 16 मार्च तक शत प्रतिशत डुप्लीकेट वोटरों का सत्यापन कार्य पूरा करा लिया जाएगा। टीमें लगी हैं।

 

संबंधित समाचार