लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में मरीज से बदसलूकी, गलत इंजेक्शन लगाने का विरोध करने पर बहनों को पीटा, FIR दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार: डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने का विरोध करने पर दो बहनों के साथ मारपीट की गई। बहनों का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ और सिक्योरिटी गार्डों ने उनसे छेड़छाड़ भी की। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह अपनी छोटी बहन को इलाज के लिए शाम करीब सात बजे इमरजेंसी विभाग लेकर पहुंची थी। वहां मौजूद नर्स नस में इंजेक्शन लगाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन कई बार प्रयास करने के बावजूद इंजेक्शन सही से नहीं लग पाया। इस दौरान मरीज के हाथ में कई जगह सुई लगने से खून भी निकल आया। जब बड़ी बहन ने इस पर आपत्ति जताई, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान नर्स ने गुस्से में मरीज को जोर से इंजेक्शन लगा दिया। जिससे उसे तेज दर्द हुआ और वह चिल्लाने लगी। पीड़िता के मुताबिक जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत करने की बात कही, तो वहां मौजूद महिला कर्मचारी ने उसे थप्पड़ मार दिया। मामला बढ़ा तो कंपाउंडर और सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंच गए और दोनों बहनों के साथ मारपीट करने लगे। थोड़ी ही देर में अन्य कर्मचारी और गार्ड भी वहां आ गए। जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया।
छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने का आरोप
आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। विरोध करने पर उन्हें झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी गई। दोनों बहनें पास की पुलिस चौकी पहुंचीं, लेकिन वहां सहयोग नहीं मिला। इसके बाद युवती ने अपने परिचित वकीलों को बुला लिया। जिसके कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस व वकीलों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। मौके पर मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड को पहचानने पर नाराज वकीलों ने उसकी पिटाई कर दी। विभूति खंड इंस्पेक्टर अमर सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मरीज की महिला तीमारदार ने सबसे पहले ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स के साथ दुर्व्यवहार करते हुए हाथापाई की, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई। इसके बाद मरीज के तीमारदारों ने अन्य लोगों को भी बुला लिया और अस्पताल परिसर में हंगामा किया, जिसके दौरान ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड के साथ भी हाथापाई की गई।
इस घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। संस्थान द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच भी कराई जा रही है। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. भुवन चंद्र तिवारी, प्रवक्ता लोहिया संस्थान
