UP: भव्य सामूहिक शादी समारोह आज, गूंजेगी शहनाई, 425 जोड़ों की होगी सामूहिक शादियां
पीलीभीत, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत द्वितीय चरण में सोमवार को 425 जोड़ों की सामूहिक शादियां होंगी। विधानसभावार होने वाले विवाह समारोह सोमवार को पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र एवं नगर पंचायत कलीनगर क्षेत्र के आवेदकों के सामूहिक विवाह संपन्न कराए जाएंगे। सामूहिक विवाह समारोह को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिम्मेदार रविवार देर शाम तक समारोह स्थल पर तैयारियों में जुटे देखे गए। सामूहिक शादी समारोह में पांच हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेश सरकार द्वारा गरीब बेटियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। शासन की ओर से प्रति जोड़ा एक लाख की धनराशि खर्च की जाती है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। इसके अलावा 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री पर खर्च किए जाएंगे। साथ ही सामूहिक विवाह के आयोजन पर 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा खर्च किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में 466 बेटियों की शादी कराने का लक्ष्य तय किया है। इसके बीते वर्ष नवंबर माह में विधानसभावार सामूहिक विवाह समारोह आयोजित कर 2000 से अधिक जोड़ों के सामूहिक विवाह संपन्न कराए थे। इस बार भी जिला प्रशासन द्वारा 1500 जोड़ों की शादियां एक ही स्थान पर न कराकर विधानसभावार शादी समारोह आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। इसी कड़ी में पहला सामूहिक विवाह समारोह सोमवार को शहर स्थित मंडी समिति में आयोजित किया जा रहा है।
इसमें विधानसभा पूरनपुर एवं नगर पंचायत कलीनगर क्षेत्र के जोड़े शामिल होंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्र मोहन विश्नोई के मुताबिक विवाह समारोह में कुल 425 जोड़ों की शादियां सोमवार को होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में कराई जाएगी। इसमें कुछ मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह मुस्लिम रीति रिवाज से संपन्न कराया जाएगा। इधर, सोमवार को होने वाले सामूहिक विवाह समारोह को लेकर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पिछले कुछ दिनों से तैयारियों में जुट गए थे। रविवार देर शाम तक जिला समाज कल्याण अधिकारी की देखरेख में देर शाम तक तैयारियां चलती रहीं।
वहीं सामूहिक शादी समारोह को लेकर डीएम ज्ञानेंद्र सिंह की ओर से अफसरों की जिम्मेदारियां तय की गई है, ताकि समारोह में कोई व्यवधान न हो। समाज कल्याण अधिकारी ने चंद्रमोहन विश्नोई ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां पूरी की जा चुकी है। भव्य पंडाल तैयार कर लिया गया है। इसमें अलग-अलग वेदियां बनाई गई है। ताकि विवाह संस्कार के दौरान कोई अड़चन न आएं। कार्यक्रम की शुरूआत सोमवार पूर्वान्ह 10 बजे से होगी। समारोह में पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
बायोमैट्रिक सत्यापन के लिए लगेंगे 10 काउंटर
गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पहले फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाभ लेने की शिकायतें सामने आई थी। कई बार जांच में ऐसे मामले पकड़े भी गए हैं। इस तरह की गड़बड़ियों पर रोक लगाने के लिए विवाह से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। विवाह स्थल पर जोड़ों की उपस्थिति बायोमेट्रिक माध्यम से दर्ज की जाएगी। प्रथम चरण में बीते नवंबर में हुई सामूहिक शादियों में भी बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही विवाह संपन्न कराए गए थे। इस बार भी 09 मार्च से 12 मार्च तक होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में बायोमैट्रिक सत्यापन कराया जाना है। सोमवार को मंडी समिति परिसर में होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में बायोमैट्रिक सत्यापन के लिए 10 काउंटरों की व्यवस्था की गई है।
