SI भर्ती में ठगी करने वाले तीन और गिरफ्तार, STF ने राजस्थान के सवाई माधौपुर साइबर पुलिस थाने की पुलिस की मदद से दबोचा
लखनऊ, अमृ़त विचार: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक एवं समकक्ष भर्ती परीक्षा-2025 के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को एसटीएफ गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने यह कार्रवाई राजस्थान के सवाई माधौपुर साईबर पुलिस थाने की पुलिस के साथ मिलकर की है। गिरफ्तार आरोपियों में सुमित मीना उर्फ लोडा, शाहिल और साजिद शामिल हैं। तीनों राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के रहने वाले हैं। इनके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
एसटीएफ एएसपी राकेश के अनुसार उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया और इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान 11 और 12 मार्च को टेलीग्राम पर “यूपी एसआई यूपी पुलिस-2026”, “रिजल्ट पैनल प्रा. टीएम” और “यूपी एसआई एक्जाम पेपर यूपी एसआई-2026” नाम से चैनल संचालित कर परीक्षार्थियों को परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलने पर एसटीएफ आगरा यूनिट की टीम ने जांच शुरू की।
6.png)
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सवाई माधोपुर के साइबर थाने में 13 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराया गया। इसके बाद एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराकर गिरोह के अन्य सदस्य को देते थे। उसी के माध्यम से टेलीग्राम चैनल बनाकर अभ्यर्थियों से पैसे ठगने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार गिरोह का एक अन्य सदस्य सुमेर सिंह मीणा भी इस मामले में शामिल है, जिसकी तलाश की जा रही है।
