बलिया में सब्जी की दुकान लगाने को लेकर हुई झड़प, एक व्यक्ति की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बलियाः बलिया जिले के रेवती कस्बे में सब्जी की दुकान लगाने को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बलिया क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि रविवार रात रेवती कस्बे के बीज गोदाम के पास धनजी तुरहा और सुनील तुरहा के बीच सब्जी की दुकान लगाने को लेकर विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान लाठी, डंडे और सरिया से प्रहार किया गया, जिसमें धनजी तुरहा (40) और उनका भाई भुलन तुरहा गंभीर रूप से घायल हो गए।

कुरैशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने धनजी तुरहा को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार इस मामले में भुलन तुरहा की तहरीर पर सुनील तुरहा और उनकी मां मीना देवी के साथ ही अमन साहनी और कुदरनी देवी तथा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है। 

संबंधित समाचार