बाराबंकी क्राइम न्यूज : अधिवक्ता पर धारदार हथियार से हमला, कई घायल
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र में खेत में आलू खोदने को लेकर हुए विवाद में एक अधिवक्ता पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना में अधिवक्ता को बचाने आए पिता समेत कई लोग घायल हो गए। क्षेत्र के ग्राम भारतपुर निवासी वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 मार्च की सुबह वह अपने खेत में आलू खोदने की मशीन लेकर जा रहे थे।
इसी दौरान मशीन का पहिया पड़ोसी खेत में चला गया, जिसको लेकर पहले से चली आ रही रंजिश के कारण गांव के ही शिवकुमार, आशीष कुमार और कुलदीप कुमार समेत उनके परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिलाओं के उकसाने पर शिवकुमार ने धारदार बांके से वीरेन्द्र कुमार के सिर पर जानलेवा वार किया। बचाव करते समय उनके हाथ में गंभीर चोट आ गई।
इसके बाद आशीष कुमार ने हंसिया से सिर, कान और कंधे पर वार कर दिया, जिससे वह मौके पर गिरकर बेहोश हो गए। शोर सुनकर बचाने पहुंचे उनके पिता जगन्नाथ और अन्य परिजनों पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे जगन्नाथ के सीने और हाथ में चोटें आईं। घटना के दौरान ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली दरियाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
नाबालिग का वीडियो वायरल करने की धमकी
हैदरगढ़: कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी का कथित अश्लील वीडियो वायरल करने व अपहरण की धमकी पिता को दी गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि रविवार सुबह अक्षय प्रताप सिंह पुत्र महराज बक्श सिंह ने उसके मोबाइल पर फोन कर धमकी दी।
आरोपी ने कहा कि उसकी नाबालिग पुत्री का अश्लील वीडियो उसके पास है और यदि उसके खिलाफ पहले दर्ज कराई गई एफआईआर वापस नहीं ली गई तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने मोबाइल पर मैसेज भेजकर भी गाली-गलौज की और परिवार के सदस्यों के बारे में अभद्र बातें लिखीं। यह सभी मैसेज उसके मोबाइल में सुरक्षित हैं।
आरोपी को उसके चाचा अवधेश सिंह और भाई पंकज का संरक्षण प्राप्त है। इससे पहले भी आरोपी पर घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप है, जिसके संबंध में कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। 9 मार्च को भी आरोपी ने उसकी मां को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया तथा भतीजे के साथ मारपीट की थी, जिस पर पुलिस चौकी पोखरा द्वारा शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई थी।
