UP: डंपर ने युवक को बाइक समेत काफी दूर तक घसीटा, दोनों टांगे टूटने के बाद दिल्ली में भर्ती

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सैदनगर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के डंपर चालक बाइक और युवक को घसीटता ले गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की दोनों टांगें टूटने से उसे दिल्ली भर्ती कराया गया है। 

घटना अजीमनगर थाना क्षेत्र के  स्वार रोड स्थित मुरसैना चौकी करनपुर की पुलिया के पास की है। करनपुर निवासी विपिन रामपुर शराब फैक्ट्री में काम करता है। सोमवार सुबह तड़के युवक फैक्ट्री से काम करके बापस अपने घर आ रहा था। बताते हैं करनपुर के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक बाइक और युवक को घसीटता ले गया। 

मुरसैना चौकी के नजदीक जाकर चालक अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टर ने युवक को हायर सेंटर दिल्ली रेफर कर दिया है। युवक की दोनों टांगें टूट जाने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

संबंधित समाचार