किसानों की मौसम जानकारी पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कृषि मंत्री ने स्काईमेट कंपनी को दी कड़ी फटकार, सिस्टम समय पर न लगने पर ब्लैक लिस्टेड करने की दी चेतावनी
लखनऊ, अमृत विचार: किसानों को मौसम की सटीक जानकारी देने के लिए वेदर सिस्टम लगाने को अधिकृत की गई वेंडर कंपनी स्काईमेट वेदर सर्विसेज की लापरवाही पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का पारा चढ़ गया। उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधि को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में वेदर सिस्टम लगाने का कार्य पूरा नहीं किया तो कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने के साथ ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश के कृषि मंत्री सोमवार को विधानसभा कार्यालय में वेदर इंफॉर्मेशन एंड नेटवर्क डेटा सिस्टम (विंड्स) के तहत लगाए जा रहे स्काईमेट वेदर यंत्रों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान कंपनी की काफी लापरवाही पाई गई। कृषि मंत्री ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिसका मुख्य उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन और ग्राम पंचायत स्तर पर ऑटोमैटिक रेन गेज की स्थापना करना है। इसके माध्यम से प्राप्त मौसम के सटीक आंकड़ों को केन्द्र सरकार के फसल बीमा पोर्टल से इंटीग्रेट किया जाना है। जिससे आपदा की स्थिति में किसानों को फसल क्षतिपूर्ति का भुगतान समय से किया जा सके।
समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि प्रदेश में विंड्स कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 826 ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन और 57,702 ऑटोमैटिक रेन गेज सिस्टम की स्थापित किए जाने का लक्ष्य है। 2025-26 के लिए इस योजना के लिए 60 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था की गई है। प्रदेश के विकास खंडों और ग्राम संभाओं के पंचायत भवनों में उपकरणों की स्थापना का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।
