आईटीसी की नकली सिगरेट बेचने वाले दो गिरफ्तार, सात लाख के 4480 डिब्बे बरामद
लखनऊ, अमृत विचार: आईटीसी की नकली सिगरेट बेचने वाले दो दुकानदारों को चौक पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न ब्रांड की 4480 डिब्बे सिगरेट बरामद किए हैं। बरामद माल की कीमत 7 लाख रुपये बतायी जा रही है। मामले में आईपीआर प्रोटेक्शन एनफोर्समेंट कंपनी के मैनेजर टीटू शर्मा ने चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी थी।
एडीसीपी क्राइम किरन यादव ने बताया कि मैनेजर टीटू मथुरा के रहने वाले हैं। उन्होंने तहरीर देकर बताया था कि कुछ दिनों से उन्हें आईटीसी कंपनी की नकली सिगरेट बनाकर बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। उन्होंने पड़ताल की तो पता चला कि तेलीबाग निवासी मो. अरशद और हम्जा बशर सिगरेट बेच रहे हैं। इस जानकारी के बाद चौक व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को लगाया गया।
पुलिस टीम ने पीड़ित मैनेजर को ग्राहक बनकर आरोपियों को सिगरेट का आर्डर दिया। दोनों आर्डर (सिगरेट) के बंडल लेकर मंगलवार को चौक कोनेश्वर चौराहे पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों को पकड़ने के बाद बंडल लेकर सिगरेट की पड़ताल की गई। उसके नकली होने की पुष्टि हो गई। इसके बाद दोनों को पुलिस ने मो. अरशद और हम्जा बशर को गिरफ्तार कर लिया गया।
