ग्रीन कॉरिडोर की रोटरी पर टकराता यातायात: बचकर निकलते वाहन सवार, ट्रैफिक कंट्रोल के लिए ....न सिग्नल न ही अन्य इंतजाम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण के ग्रीन कॉरिडोर पर आईआईएम रोड से समतामूलक चौक तक समय की बचत के साथ दूरी जरूर कम हो गई है लेकिन, वाहन फर्राटा नहीं भर पा रहे हैं। जगह-जगह बनी रोटरी पर चारों दिशाओं का यातायात टकरा रहा है। यातायात रोकने या सीधे निकालने के लिए फिलहाल पुलिस कर्मियों के अलावा कोई इंतजाम नहीं हैं। कॉरिडोर के वाहनों की रफ्तार धीमी करने के लिए सिर्फ ब्रेकर बने हैं।

वायरल तस्वीर (3)

आईआईएम रोड से समतामूलक चौक तक ग्रीन कॉरिडोर बनने से लोगों को नया और सीधा रूट मिला है। इससे लंबी दूरी कम हुई और समय की बचत हुई है। नये रूट से वाहन आईआईएम रोड, डालीगंज, निशातगंज और समतामूलक चौक तक बिना ब्रेक लगाए मिनटों में पहुंच जाते हैं।

वायरल तस्वीर (4)

लेकिन, इन जगहों पर बनी रोटरी में चारों दिशाओं का यातायात टकराने की वजह से वाहनों की रफ्तार थम जाती है और वाहन स्वामी को संभलकर वाहन बढ़ाना होता है। सबसे ज्यादा समस्या निशातगंज रोटरी पर है। यहां हजरतगंज और महानगर की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों का दबाव अधिक है। उसी जगह से ग्रीन कॉरिडोर के वाहन निकलते हैं। रोटरी पर चारों दिशाओं के वाहन धीरे या फिर आड़े-तिरछे होकर निकलते हैं। यू-टर्न लेने पर पीछे के वाहन रुक जाते हैं। सुबह-शाम पीक ऑवर में जाम के हालात रहते हैं।

कुछ इस तरह निशातगंज रोटरी पर टकराता है यातायात

हजरतगंज से आने वाले वाहन निशातगंज रोटरी पर पहले समतामूलक चौक से आने वाले वाहनों से टकराते हैं, इससे आगे बढ़ने पर डालीगंज से आने वाले वाहनों से बचकर निकलने की कोशिश करते हैं। इसी तरह दूसरी दिशा में महानगर से आने वाले वाहन पहले डालीगंज के वाहनों के यू-टर्न लेने पर और आगे समतामूलक चौक से आने वाले वाहनों से टकराते हैं। इन जगहों पर वाहन एक रो में न रुककर आड़े तिरछे और बिना रुके निकलने से यातायात बाधित होता है।

ड्रोन सर्वे में बहाल मिला था यातायात

एलडीए ने जनवरी में समतामूलक, निशातगंज और हनुमान सेतु पर रोटरी निर्माण के दौरान इन चौराहों पर भविष्य में यातायात बाधित न हो, इस पर यातायात पुलिस के सुझावों पर हनुमान सेतु रोटरी का लगातार दो दिन सुबह 10 बजे और शाम 6 बजे पीक आवर्स में तकनीकी विभागों से ड्रोन सर्वे कराया था। रोटरी पर यातायात सुचारू मिला था। इसके अलावा निशातगंज एवं समतामूलक रोटरी पर जाम लगने की आशंका कराए गए परीक्षण में कुछ जगहों पर सीधे रूट की जगह यू-टर्न का प्रावधान का सुझाव दिया गया था।

ऐसे तैयार हुआ आईआईएम रोड से समतामूलक चौक तक कॉरिडोर

फेज 1 - आईआईएम रोड से पक्का पुल तक 6.8 किमी की दूरी

फेज 2 - डालीगंज, निशातगंज होते हुए समता मूलक चौक तक 7 किमी.

लागत - 1,519 करोड़

कॉरिडोर में ये हुआ निर्माण

- डालीगंज, निशातगंज व समतामूलक चौक के पास रोटरी, 4 लेन ब्रिज, बंधा निर्माण व चौड़ीकरण, सड़क निर्माण, गऊघाट ब्रिज, फ्लाईओवर, हनुमान सेतु ब्रिज, निशातगंज ब्रिज, निशातगंज से कुकरैल नदी तक बंधा, कुकरैल ब्रिज

लीकेज की मरम्मत के लिए खोदी सड़क, लगाए बेरीकेड

रविवार शाम ग्रीन कॉरिडोर के पास बीरबल साहनी मार्ग स्थित सड़क सीवर लाइन लीकेज होने की वजह से धंस गई। नगर निगम की टीम ने शाम को मरम्मत कार्य शुरू किया जो सोमवार को भी दिनभर चला। आसपास पानी भर गया। मरम्मत के लिए ग्रीन कॉरीडोर के किनारे की सड़क खोदी गई और बैरीकेड लगा दिए। वाहनों को दूसरी तरफ से डायवर्ट किया गया।

निशातगंज रोटरी के पास जगह कम होने की वजह से वाहनों के मुड़ने में थोड़ी समस्या आ रही है। इसके लिए रोटरी के आसपास चौड़ीकरण करेंगे। साथ ही यू-टर्न देंगे। बाकी जगह समस्या नहीं है।- प्रभारी एके सिंह सेंगर, प्रोजेक्ट इम्लीटेसन यूनिट, एलडीए (पीआईयू)

ये भी पढ़ें  :
50 क्विंटल फूलों से सजेगा राम मंदिर: मंत्रोच्चारण, शंखनाथ और भगवान के भजनों से गुंजायमान होगा परिसर

संबंधित समाचार