लखनऊ में किशोर को सिगरेट पिलाकर दोस्तों ने बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर ऐंठे लाखों के गहने

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : तालकटोरा इलाके में नाबालिग को सिगरेट पिलाकर दो दोस्तों ने वीडियो बना ली। उसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। आरोपियों के कहने पर किशोर ने आलमारी से लाखों के जेवर चोरी कर उन्हें सौंप दिये।

जानकारी होने पर मां ने आरोपियों से पूछताछ की तो गलती मानते हुए मोबाइल चोरी कर लिया। आरोपियों के परिजन ने मोबाइल वापस कराने की बात कहकर अपने फोन बतौर गारंटी में दिए। जिसमें एक रिकार्डिंग में आरोपी और उनके परिवार की ब्लैकमेलिंग की ऑडियो मिली। धमकी से परेशान मां ने तालकटोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

राजाजीपुरम सेक्टर-13 निवासी महिला ने बताया कि 10 दिसंबर 2025 को नाबालिग बेटे को उसके दो नाबालिग दोस्तों ने उसे सिगरेट पिलाकर वीडियाे बनाया और फिर डरा धमकाकर ब्लैकमेल करना शुरु कर दिया। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये व जेवर की मांग की। रुपये न देने पर पीटने की बात कही। धमकियों के चलते किशोर ने आलमारी के लॉकर से लाखों के जेवर निकालकर दे दिए। कुछ समय बाद रिश्तेदारी में शादी में कानपुर जाने के लिए लॉकर खोला तो जेवर गायब मिले।

शादी से लौटने के बाद पीड़िता ने बेटे को समझा-बुझाकर पूछा तो उसने दोस्तों की करतूत बतायी। पीड़िता ने दोनों से पूछताछ की तो कबूला कि जेवर बेच दिए हैं। मौका देख आरोपियों ने घर में रखा उनका मोबाइल भी चोरी कर लिया। यही नहीं आरोपियों ने मोबाइल राह चलते एक युवक को बेच दिया था। जनवरी 2026 में एक आरोपी की बहन व बहनोई को बातचीत के लिए पीड़िता ने घर बुलाया। इस दौरान दोनों आरोपी भी मौजूद रहे।

आरोपियों ने घरवालों के सामने स्वीकार किया कि किशोर को ब्लैकमेल कर जेवर ऐंठकर बेचे थे। मोबाइल की बात पता चलने पर आरोपियों के परिजन ने अपने मोबाइल गारंटी के तौर पर दिए। पीड़ित ने आरोपी का मोबाइल ऑन किया। ऑटो कॉल रिकार्डिंग में आरोपित व अन्य व्यक्तियों के बीच बातचीत की रिकार्डिंग मिली। पीड़िता ने बताया कि रिकार्डिंग से साफ है कि इस वारदात में दोनों आरोपी, उसके नाना, कथित बहन व माता-पिता भी शामिल हैं।

 

संबंधित समाचार