लखनऊ : 17 नगर निगमों में 170 पार्षद मनोनीत, यूपी सरकार ने जारी की नामित सदस्यों की सूची, भाजपा नेताओं ने दी बधाई  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के 17 नगर निगमों समेत नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों में सदस्यों को नामित किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए मनोनीत सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। शासन से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार राज्‍य के प्रत्‍येक नगर निगमों में 10-10 पार्षद मनोनीत किये गये हैं। इस तरह नगर निगमों में कुल 170 पार्षद मनोनीत किये गये हैं।

लखनऊ नगर निगम में 10 पार्षद नामित

लखनऊ नगर निगम में 10 पार्षदों को नामित किया गया है। प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन पी. गुरुप्रसाद की ओर से जारी सूची के अनुसार पुराना हैदरगंज निवासी गणेश वर्मा, विनीत खंड गोमती नगर से दीपू जायसवाल, मुरलीनगर निवासी रूपचंद अग्रवाल, रविंद्र पल्ली फैजाबाद रोड से पंकज बोस, अतरौली से किशन पाल, दौदा खेड़ा मानक नगर से संतोष सिंह बलखंडी, सैनिक नगर तेलीबाग से नेहा सिंह, विकास नगर से अखिलेश गिरी, विरामखंड गोमती नगर निवासी मधुबाला त्रिपाठी और सआदतगंज निवासी पुरुषोत्तम पुरी को पार्षद नामित किया गया है।

राज्य के नगर निगमों में मुरादाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मथुरा-वृंदावन, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर, कानपुर, झांसी, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में 10-10 पार्षदों को मनोनीत किया गया है। राज्य में करीब 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायतें हैं, जिनमें भी सदस्यों को नामित किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उप्र इकाई के अध्‍यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्‍स' पर अपने संदेश में कहा, ''उत्तर प्रदेश के नगर निकायों में मनोनीत सभी पार्षदों को हार्दिक बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सब राष्ट्रसेवा के संकल्प और समर्पण के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के विकास तथा जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।''

उन्‍होंने कहा, ''हम सभी मिलकर संगठन को नयी ऊर्जा प्रदान करते हुए प्रदेश और राष्ट्र की सेवा के संकल्प को और सशक्त बनाएंगे।'' 

चौधरी ने कहा, ''भाजपा उत्तर प्रदेश एक परिवार के रूप में प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्यों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। आप सभी को इस नए दायित्व के लिए पुनः हार्दिक शुभकामनाएं।'' 

उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्‍स' पर अपने संदेश में कहा, ''उत्तर प्रदेश के नगर निकायों में मनोनीत समस्त पार्षदों को हार्दिक बधाई तथा सफल व उज्ज्वल कार्यकाल के लिए अनंत शुभकामनाएं!'' मौर्य ने पोस्‍ट में कहा, ''मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जनसेवा, क्षेत्रीय विकास और संगठन की मजबूती में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

नगर निगम में नामित हुए 10 पार्षद

नगर विकास के प्रमुख सचिव ने जारी किया आदेश

नगर विकास के प्रमुख सचिव पी गुरुप्रसाद ने सोमवार को नगर निगम में 10 पार्षदों को नामित कर दिया है। नामित पार्षदों में तीन महिलाओं के साथ दो दलित और तीन पिछड़ा वर्ग के भाजपा नेताओं को जगह मिली है। आदेश जारी होते ही पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। राज्यपाल द्वारा पार्षद के रूप में नामित किए गए लोगों में सिविल लाइन्स निवासी सुशील कुमार मिश्र, निषाद नगर रेतिया निवासी संजय निषाद, हैबतपुर निवासी लक्ष्मण वर्मा, धर्मपुर सहादत निवासी संजय कोरी, सरस्वतीपुरम निवासी सुशील कुमार सिंह, राजघाट निवासी रंजना सागर, दीनदयाल नगर वार्ड आशुतोष पांडेय, बेगमगंज मकबरा ज्ञान केसरवानी, आदर्शनगर कॉलोनी निवासी सुनीता गुप्ता व नाका निवासी अनीता द्विवेदी शामिल हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि सबका साथ सबका विकास के तर्ज पर भाजपा ने सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए पार्षदों का मनोनयन कराया है।

ये भी पढ़ें  : 
ईद से पहले LPG के लिए मारामारी: गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें, पुराने लखनऊ में सबसे ज्यादा हो रही बुकिंग

संबंधित समाचार