Bareilly: सीएम छह हजार करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास, नाइट स्टे भी है मुमकिन
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्च के अंतिम सप्ताह में बरेली के प्रस्तावित दौरे पर जिला प्रशासन ने मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री के नाइट स्टे करने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीएम बीडीए, नगर विकास, लोनिवि, बिजली आदि विभागों की लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर योगी भव्य जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री बरेली कब आएंगे, इसकी तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है। हालांकि चर्चा यह है कि चैत्र नवरात्र में मुख्यमंत्री गोरखपुर ज्यादा रहते हैं। पूजा-पाठ की वजह से बाहर के दौरे कम लगते हैं, इसलिए मार्च के आखिरी सप्ताह में ही आने की संभावना है।
इधर, जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री बरेली आएंगे लेकिन कब आएंगे, इसकी तारीख तय नहीं है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के बरेली में नाइट स्टे करने की भी संभावना है। वह करीब छह हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इसके साथ जनसभा होगी।
बरेली कॉलेज मैदान पर हो सकती है जनसभा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा का कार्यक्रम बरेली कॉलेज में होने की ज्यादा संभावना है। पूर्व में भी मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के कार्यक्रम के दौरान बरेली कॉलेज के मैदान पर जनसभा को संबोधित किया है, इससे इस बार भी उनकी जनसभा बरेली कॉलेज में होने की संभावना को बल मिला है।
पीलीभीत रोड पर नई सड़क डालकर की जा रही समतल
मुख्यमंत्री दौरे को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सक्रिय नजर आ रहे हैं। त्रिशूल वायुसेना स्टेशन में राजकीय विमान से आने के बाद मुख्यमंत्री वाया सड़क मार्ग रामायण वाटिका आने के दौरान पीलीभीत रोड से भी गुजरेंगे। ऐसी संभावना के मद्देनजर लोनिवि पीलीभीत रोड को दुरुस्त करने में जुटा है। पीलीभीत रोड पर फिनिक्स मॉल के सामने और प्राचीन महाकालेश्वर मंदिर के आसपास काफी एरिया में नई सड़क बिछा रहे हैं ताकि ऊबड़-खाबड़ सड़क समतल हो जाए।
