बहराइच : रुपईडीहा के सफाईकर्मियों ने डीएम ऑफिस में किया जोरदार प्रदर्शन, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की नगर पंचायत रुपईडीहा के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को कथित उत्पीड़न, वेतन कटौती और अभद्र व्यवहार के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया तथा प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की। 

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सफाईकर्मी नेता शक्ति वाल्मीकि ने बताया कि नगर पंचायत में कार्यरत कर्मचारियों को लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कार्य के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों को कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है। 

साथ ही, बिना किसी स्पष्ट कारण के वेतन में कटौती की जा रही है, जिससे कर्मचारियों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पंचायत चेयरमैन डॉ. उमाशंकर के पुत्र द्वारा कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। 

आरोप है कि वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं और कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं। शक्ति वाल्मीकि के अनुसार, कर्मचारियों को यह तक कहा जाता है कि वे कहीं भी शिकायत कर लें, उनका कुछ नहीं बिगड़ सकता। प्रदर्शनकारी सफाईकर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत के एक सुपरवाइजर द्वारा महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। 

इस घटना को लेकर महिला कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बताया जा रहा है। सफाईकर्मियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा कर्मचारियों को बकाया एवं पूर्ण वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही कार्य के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने और कार्यस्थल पर सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।  

संबंधित समाचार