छत्तीसगढ़ में जारी येलो अलर्ट, कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी
रायपुरः छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए आंधी-तूफान, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की है। जारी चेतावनी के अनुसार, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के सभी जिलों के साथ ही राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, रायपुर, बलौदाबाजार, नारायणपुर और सुकमा जिलों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।
