केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की उद्यमियों को दोटूक, 'समयसीमा में उद्योग करें स्थापित, लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं'
राज्य स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए दिए सख्त निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को राज्य स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और उद्योग स्थापना से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि न्यू ओखला इंडस्ट्रियल डवलमेंट अर्थारिटी और ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डवलमेंट अथारिटी में जिन उद्यमियों को औद्योगिक भूखंड आवंटित किए गए हैं, वे तय समयसीमा के भीतर अपनी इकाइयों की स्थापना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भूखंड आवंटन का उद्देश्य केवल जमीन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उस पर जल्द उद्योग स्थापित कर उत्पादन शुरू कराना है। इससे प्रदेश में निवेश को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में जल आवंटन, भूमि मानचित्रण में अतिक्रमण, मास्टर प्लान में विसंगतियां और पीएसपी परियोजनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। एसपी गोयल ने औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को निर्देशित किया कि निवेशकों को सभी आवश्यक अनुमतियां, आधारभूत सुविधाएं और प्रशासनिक सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि उद्योग स्थापना की प्रक्रिया में कोई अनावश्यक बाधा न आए।
बैठक में भारत सरकार की पहल ‘विनियमन चरण-1’ के तहत सात विभागों और 23 प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में अनुपालन सरलीकरण सुधारों की प्रगति की समीक्षा की गई। इनवेस्ट यूपी ने राज्य और जिला स्तर पर बीआरएपी, डीबीआरएपी और विनियमन चरण-2 के रोडमैप की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार, प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरुप्रसाद सहित इनवेस्ट यूपी, कॉनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री, पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, एसोचेम तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
