सीएम योगी की टिप्पणी पर बोले किरेन रिजिजू- सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी कानून का पालन करें

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सड़कों पर नमाज पढ़ने के संदर्भ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई टिप्पणी पर मंगलवार को कहा कि किसी भी व्यक्ति या नेता को तनाव पैदा नहीं करना चाहिए और सामाजिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए सभी को कानून का पालन करना होगा।

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग द्वारा बुलाए गए राज्य अल्पसंख्यक आयोगों के एक सम्मेलन के बाद किरेन रिजिजू ने संवाददाताओं से कहा कि राजनीतिक बयानबाजी से सांप्रदायिक सद्भाव नहीं बिगड़ना चाहिए।  उन्होंने शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ''मेरा कहना है कि कोई भी हो, चाहे राजनेता हों या सामाजिक कार्यकर्ता, हमें तनाव पैदा नहीं करना है। हर भारतीय को एक-दूसरे के साथ सद्भाव से रहना होगा।" मंत्री ने कहा, ''हम सभी को एक साथ रहना है। लेकिन सभी को कानून का पालन करना होगा।'' 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कों पर नमाज अदा करने को लेकर चेतावनी देते हुए सोमवार को कहा था कि धार्मिक स्थलों पर अलग-अलग पालियों में धर्म से संबंधित गतिविधियां की जानी चाहिए। आदित्यनाथ ने कहा था कि उनकी सरकार सड़क जाम करके नमाज या किसी अन्य धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं देगी।  

संबंधित समाचार