Moradabad:रमजान के आखिरी दिनों में इबादत के साथ बाजारों में बढ़ी रौनक
मुरादाबाद, अमृत विचार। रमजान के आखिरी दिनों में इबादत का माहौल और भी गहरा हो गया है। रोजेदार दिनभर रोजा रखने के बाद शाम को नमाज अदा कर अल्लाह की इबादत में जुट रहे हैं। विशेष रूप से तरावीह की नमाज में मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मुस्लिम बहुल इलाकों में देर रात तक रौनक और धार्मिक माहौल देखने को मिल रहा है।
वहीं, दूसरी ओर ईद नजदीक आने के साथ शहर के बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। नमाज के बाद लोग परिवार के साथ खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। शहर के अमरोहा गेट, गंज गुरहट्टी, बारादरी, पीर का बाजार, बरबलान, मुगलपुरा और गलशहीद क्षेत्र के बाजारों में देर रात तक भीड़ देखी जा रही है। कपड़े, जूते-चप्पल, टोपी, इत्र, चूड़ियां और श्रृंगार के सामान की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ जुट रही है।
शाम होते ही बाजारों में रोशनी और रौनक बढ़ जाती है। लोग खरीदारी के साथ-साथ एक-दूसरे से मुलाकात कर रमजान की मुबारकबाद भी दे रहे हैं। कई जगह ठेलों और अस्थायी दुकानों पर भी तरह-तरह के सामान सजाए गए हैं, जिससे बाजारों का नजारा और आकर्षक हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि जैसे-जैसे ईद करीब आ रही है, ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों में ईद को लेकर खासा उत्साह है और बाजारों में खरीदारी के साथ-साथ आपसी मेलजोल का भी खास माहौल दिखाई दे रहा है।
