Uttrakhand: आधी रात आफत की आंधी-बारिश, कई घरों की छतें उड़ीं, तलाशना पड़ा सुरक्षित ठिकाना 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार रात अचानक आए तेज तूफान ने नैनीताल जिले के कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचायी। इस बीच तेज हवाओं से कई मकानों की छतें उड़ गईं, मकान ध्वस्त हो गए और पेड़ गिर पड़े। कई लोगों को सुरक्षित ठकाना तलाशना पड़ा।

भीमताल ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले चोपड़ा गांव में तूफान का सबसे अधिक असर देखने को मिला। ग्राम सभा चोपड़ा के निवासी कंचन सिंह कुंवर ने बताया कि रविवार आधी रात करीब एक बजे तेज तूफान आया और देखते ही देखते उनके मकान की पूरी छत (टीन चादर) उड़ गई। उस समय वह और उनकी पत्नी ममता देवी घर के अंदर ही मौजूद थे।

तेज हवा और तूफान के कारण स्थिति इतनी भयावह हो गई कि दोनों को अपनी जान बचाने के लिए तुरंत घर से बाहर भागना पड़ा। इस घटना में उनके मकान को काफी नुकसान हुआ है और अब उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। तूफान का असर आसपास के अन्य गांवों में भी देखने को मिला।

जंतवाल गांव में कमल जंतवाल, सूर्या गांव में भुवन सिंह सूर्या व दोगड़ा गांव में पान सिंह बिष्ट के घरों की छतें भी तेज हवाओं के कारण उड़ गईं। ग्रामीणों के अनुसार तूफान कुछ ही देर चला, लेकिन इस दौरान तेज हवाओं ने काफी नुकसान पहुंचाया।

ग्रामीणों ने बताया कि अचानक आए इस तूफान से कई परिवारों को आर्थिक नुकसान हुआ है। जिन घरों की छतें उड़ गई हैं, वहां रहने वाले लोग फिलहाल रिश्तेदारों या पड़ोसियों के घरों में शरण लेने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। चोपड़ा गांव की ग्राम प्रधान बीना जीना का कहना है कि प्रशासन सहायता उपलब्ध कराई जाती है तो प्रभावित परिवारों को राहत मिल सकेगी।

चोपड़ा पट्टी पटवारी शिव सिंह ने बताया कि तूफान से हुए नुकसान वाले सभी गांवो का मौके पर जाकर निरीक्षण कर लिया गया है। प्रभावित परिवारों से भी जानकारी ली गई है। क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे आगे की कार्रवाई और सहायता के लिए संबंधित विभाग को भेजा जाएगा।

संबंधित समाचार