Uttrakhand: नैनीताल में पेड़ गिरने से सड़कें बंद, 24 घंटे से बिजली-पानी ठप
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल में देर रात आई तूफानी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। हवाएं इस कदर थीं कि शहर के कई इलाकों में घरों की छतें उड़ गईं, पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो गईं और बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।
तेज तूफान का सबसे ज्यादा असर आयारपाटा क्षेत्र में देखने को मिला। यहां रणजीत रावत, मनोज मिश्रा और दिग्विजय सिंह रावत के घरों की छतें तेज हवा के कारण क्षतिग्रस्त हो गईं। इसी तरह बी.डी. पांडे आउट हाउस क्षेत्र में माही जोशी के घर की छत भी आंधी में उड़ गई, जिससे परिवार को भारी नुकसान हुआ।
अचानक हुई इस घटना से प्रभावित परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शहर की कई सड़कों पर भी आवागमन बाधित हो गया। राजभवन रोड पर एक बड़ा पेड़ गिरने से सड़क कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद हो गई। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को इस कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से पेड़ को हटाकर रास्ता आंशिक रूप से खोला गया। तेज हवाओं और पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। पूरे शहर में पिछले करीब 24 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है, क्योंकि अधिकांश इलाकों में पानी की सप्लाई बिजली पर निर्भर है। हल्द्वानी मार्ग पर स्थित बल्दियाखान क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली की लाइनें टूट गईं।
इसके अलावा पाइनस क्षेत्र में भी कई पेड़ गिरने से करीब आधा दर्जन बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए और चार स्थानों पर बिजली के तार टूट गए। इससे पूरे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई हैं।
टूटे हुए तारों को जोड़ने और क्षतिग्रस्त बिजली के पोलों को ठीक करने का काम तेजी से किया जा रहा है। हालांकि नुकसान अधिक होने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में कुछ समय लग सकता है।
एसडीओ प्रिंस पांडे ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि तूफान के कारण कई स्थानों पर बिजली के तार टूटे हैं और पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिन्हें ठीक किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि जल्द से जल्द व्यवस्था को दुरुस्त कर रात तक शहर में बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाए। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
