लखीमपुर खीरी : महिला की पिटाई के विरोध में थाने पर प्रदर्शन, चौकी इंचार्ज निलंबित
12 फरवरी से लापता कालीचरण, परिजनों का धरना जारी
मैगलगंज (खीरी), अमृत विचार। औरंगाबाद चौकी क्षेत्र के गांव जहान नगर से 12 फरवरी की रात से लापता कालीचरण का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस द्वारा लगातार खोजबीन किए जाने के बावजूद उसका अता-पता नहीं चल पाया है। हालांकि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर मैगलगंज पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। ग्रामीण का पता न लगने पर मंगलवार को सिख समुदाय ने थाना परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 6 घंटा प्रदर्शन होने के बाद एडिशनल एसपी अमित राय ने आश्वासन दिया की चौकी इंचार्ज औरंगाबाद सुनील तिवारी को तत्काल निलंबित किया जा रहा है और कोतवाली मैगलगंज प्रभारी को 21 तारीख को ईद के बाद उन पर भी कार्यवाही जरूर की जाएगी। वहीं, किसान संगठनों ने अपनी बात रखी की 22 तारीख तक अगर कोतवाली प्रभारी निलंबित नहीं हुए तो वह 24 तारीख को जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक के परिसर में घेराव करेंगे। साथ ही किसान संगठनों की तरफ से चौकी प्रभारी और कोतवाली प्रभारी के खिलाफ तहरीर दी गई है।
किसान नेताओं ने मैगलगंज पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि 16 मार्च को औरंगाबाद चौकी पर मुकदमे में नामजद महिला लखविंदर कौर के साथ पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से बर्बर मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी बात कही जा रही है। घटना के विरोध में किसान यूनियन व अन्य संगठनों के कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे और मैगलगंज कोतवाली का घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरना करीब पांच घंटे बाद तक जारी है। इस दौरान किसान नेताओं ने इंस्पेक्टर मैगलगंज इंद्रजीत पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि कुछ नेताओं ने हस्तक्षेप कर प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की। प्रदर्शनकारियों की मांग पर एडिशनल एसपी अमित कुमार राय और मितौली सीओ यादवेंद्र यादव व धौरहरा सीओ शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान पांच थानों की पुलिस लगी रही। इसके बाद छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से वार्ता की।
किसान नेताओं ने इंस्पेक्टर मैगलगंज और चौकी इंचार्ज औरंगाबाद को निलंबित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस पर एडिशनल एसपी अमित कुमार राय ने तत्काल प्रभाव से चौकी इंचार्ज औरंगाबाद सुनील तिवारी को निलंबित किए जाने की घोषणा की। हालांकि प्रदर्शनकारी इंस्पेक्टर मैगलगंज को हटाने की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते धरना जारी रहा। धरना प्रदर्शन में टिकैत ग्रुप के दिलबाग, किसान यूनियन जल शक्ति के कमलेश, सिख समुदाय के जिला अध्यक्ष पिंदर सिंह सिंधु, अभिषेक यादव, अनिल शुक्ला वाजपेई और जसवीर सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
कोतवाली परिसर में लगा लंगर
धरने के दौरान सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों ने मैगलगंज कोतवाली परिसर में लंगर की व्यवस्था की। दोपहर 12 बजे से शुरू हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और वहीं भोजन ग्रहण किया।
परिजनों ने चौकी औरंगाबाद का घेराव किया
उधर, कालीचरण के परिजनों ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ चौकी औरंगाबाद का घेराव कर विरोध जताया और जल्द बरामदगी की मांग की। इस दौरान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल रहा और चौकी परिसर के बाहर काफी देर तक भीड़ जुटी रही।
