पंप्ड स्टोरेज पावर परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, मंत्री नन्दी ने जल उपलब्धता और भूमि विवादों के समाधान के लिए विभागों को दिए निर्देश
सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर व प्रयागराज की परियोजनाओं पर समीक्षा
लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में पंप्ड स्टोरेज पावर (पीएसपी) परियोजनाओं के विकास को गति देने के लिए औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने मंगलवार को पिकअप भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सोनभद्र की सोन नदी, चंदौली के मुसखंड बांध, मिर्जापुर के अदवा बांध व बेलन नदी तथा प्रयागराज में प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
मंत्री नन्दी ने कहा कि ये परियोजनाएं राज्य की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और ऊर्जा भंडारण तंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने जल उपलब्धता, भूमि से जुड़े मुद्दों और प्रक्रियागत बाधाओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से वन और राजस्व अभिलेखों के बीच विसंगतियों को लेकर चर्चा हुई। इस पर मंत्री ने वन, राजस्व और सिंचाई विभाग को आपसी समन्वय से समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दोहराया कि डबल इंजन सरकार इन परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश के लिए एक पसंदीदा राज्य बन रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत करते हुए सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग दे रही है।
बैठक में ग्रीनको, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, अवाडा, टोरेंट पावर, अदानी ग्रीन एनर्जी समेत 10 प्रमुख डेवलपर्स के प्रतिनिधि शामिल हुए। अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
