लखनऊ के रेस्टोरेंट में परोसा बदबूदार खाना: शिकायत पर मालिक, मैनेजर कर्मचारियों ने की पिटाई, पुलिस ने की रिपोर्ट दर्ज 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: सुशांत गोल्फ सिटी स्थित बृज की रसोई रेस्टोरेंट में बदबूदार और सड़ा खाना परोसने की शिकायत पर रेस्टोरेंट मालिक, मैनेजर, स्टॉफ ने घेरकर पांच दोस्तों को जमकर पीटा। रॉड से हमले में एक ग्राहक का सिर फट गया जबकि दो अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। पीड़ित ग्राहक ने रेस्टोरेंट मालिक, मैनेजर और कर्मचारियों समेत 10-12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

प्रयागराज के जॉर्ज टाउन निवासी यश अग्रहरी ने बताया कि 16 मार्च को रात करीब 12:30 बजे अर्जुनगंज स्थित बृज की रसोई रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। साथ में दोस्त हर्ष त्रिपाठी, अधिवक्ता नीतिश तिवारी, शुभम कुशवाहा और यश त्रिपाठी भी थे। रेस्टोरेंट में दाल और पनीर की सब्जी का आर्डर दिया। यश ने बताया कि भोजन में परोसी गई दाल और पनीर की सब्जी से महक आ रही थी। इस कारण खाना खराब होने की शिकायत की। 

आरोप है कि गलती मानने के बजाए स्टॉफ ने धमकाते हुए कहा कि जो मिला है चुपचाप खा लो, अन्य ग्राहकों के सामने रेस्टोरेंट की इमेज मत खराब करो। विरोध करने पर रेस्टोरेंट के मालिक, मैनेजर, स्टॉफ समेत करीब 10-12 कर्मचारियों ने मारपीट शुरू कर दी। रॉड के हमले से यश का सिर फट गया। नीतिश और हर्ष भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी किसी तरह बचकर वहां से भागे और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।

संबंधित समाचार