Bareilly : पैनल ने किया अफसर का पोस्टमार्टम, रात में सुपुर्द ए खाक
बरेली, अमृत विचार। सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी अफसर के शव का मंगलवार की देर शाम डॉक्टर के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद पुलिस ने रिश्तेदार और परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया। गांव में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था।
पुलिस की मौजूदगी में ही उसे गांव के कब्रिस्तान ले जाकर दफन कर दिया गया। तीन डॉक्टरों के पैनल ने मंगलवार की शाम 6:00 बजे के बाद अफसर के शव की पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। करीब 1 घंटे चली पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम होने के बाद अफसर खान उर्फ बौरा का शव पुलिस की मौजूदगी में गांव में पहुंचा।
गांव में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। रात करीब 9:00 गांव के ही कब्रिस्तान में अफसर को पुलिस की मौजूदगी में दफनाया गया। इसके अलावा पुलिस ने प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
आरोपी के पास से मिली, इटली की पिस्टल
इज्जत नगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अफसर खान के पास से पुलिस को इटली की एक ऑटोमेटिक पिस्टल 32 बोर की बरामद हुई है। इस पर ओन्ली फॉर पब्लिक सप्लाई लिखा है। 32 बोर के 10 खोखा कारतूस और कई जिंदा कारतूस के अलावा नगद रुपये, बीड़ी और माचिस के साथ ही हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया खून लगा हुआ चाकू भी बरामद हुआ है। आरोपी पर अपने मामा की हत्या के अलावा सीबीगंज थाने में चोरी का मुकदमा और बारादरी थाने में वाहन चोरी के मुकदमे के अलावा करीब सात मुकदमे दर्ज हैं।
