Moradabad: कन्फेक्शनरी व पकौड़ी सेंटर में पकड़े घरेलू व कामर्शियल सिलेंडर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग व व्यवसायिक प्रयोग को रोकने के लिए सख्ती के बीच पूर्ति विभाग की टीम ने पाकबड़ा क्षेत्र में कार्रवाई की। एक कन्फेशनरी की दुकान व पकौड़ी सेंटर में अवैध तरीके से घरेलू व कामर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग करते पकड़े जाने पर संचालक के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मौके पर मिले सिलेंडर को जब्त कर लिया गया।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आनन्द प्रगु सिंह, तहसील सदर की पूर्ति निरीक्षक विशाखा, सत्यजीत सिंह पूर्ति निरीक्षक महानगर और पूर्ति लिपिक नवीन कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक कार्यों में दुरुपयोग रोकने के संबंध में पाकबाड़ा स्थित रेस्टोरेन्ट एवं मिष्ठान भंडारों की जांच की। पाकबाड़ा के मोहल्ला जुम्मेरात का बाजार में एजाजी कन्फेक्शनरी एण्ड पकौड़ी सेंटर में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक कार्य में उपयोग पकड़ा गया।

टीमों ने दुकान में एचपी के तीन घरेलू गैस सिलेंडर और एक कामर्शियल सिलेंडर पाया। दुकान मालिक कोई वैध कागजात नहीं दिखा पाया। जिससे स्पष्ट हुआ कि एजाजी कन्फेक्शनरी एंड पकौड़ी सेंटर के मालिक /स्वामी मो. अतीक निवासी जुम्मेरात का बाजार पाकबाड़ा के द्वारा अवैध तरीके से धन अर्जित करने के लिए घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त करते घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग करते पाया गया। जो द्रवित पेट्रोलियम गैस (रेग्युलेशन ऑफ सप्लाई एण्ड डिस्ट्रिव्यूशन) के प्राविधानों का उल्लंघन है। 

इसके क्रम में आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के अन्तर्गत्त दण्डनीय अपराध होने के कारण जिलाधिकारी की अनुमति के बाद टीम ने दुकान स्वामी मोहम्मद अतीक के खिलाफ पाकबाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में रेस्टोरेन्ट/ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक कार्य में दुरुपयोग रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

संबंधित समाचार