सड़कों पर उतरीं समाजवादी महिला सभा की महिलाएं, वाराणसी में एलपीजी किल्लत के लिए विरोध

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वाराणसीः समाजवादी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने बुधवार को वाराणसी में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत को लेकर प्रदर्शन किया। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाएं हाथों में खाली गैस सिलेंडर और तवा में कच्ची रोटी लेकर कर पहुंची थी। 

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान श्रीवास्तव ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भाजपा और प्रशासन का दावा है कि एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है, तो गैस एजेंसियों और गोदामों पर लंबी कतारें क्यों लग रही हैं? गैस की कमी के कारण रेहड़ी-पटरी वाली दुकानें बंद हो रही हैं और काशी के तमाम होटलों तथा रेस्तरां में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि अन्नपूर्णा मंदिर का अन्नक्षेत्र भी बीच में बंद हो गया था। मीडिया में खबरें आने के बाद ही जिला प्रशासन ने आनन-फानन में वहां इंतजाम किए। 

उन्होंने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना के नाम पर सिलेंडर तो बांट दिए गए, लेकिन आज महिलाएं लिए दर-दर भटक रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि किल्लत नहीं है, तो गैस बुकिंग का समय बढ़ाकर 25 दिन क्यों कर दिया गया है? 

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल महिलाएं केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि गृहणियां भी हैं जिनका घरेलू बजट और रसोई इस संकट से बुरी तरह प्रभावित है। उन्होंने अंत में सवाल किया कि आखिर पूरे देश में होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर क्यों हैं? यदि भाजपा किल्लत से इनकार कर रही है, तो धरातल पर स्थितियां इसके विपरीत क्यों दिख रही हैं? 

संबंधित समाचार