अनोखा पौधा : एक ही पौधे से टमाटर और आलू दोनों का उत्पादन
प्रगतिशील किसान ने निकाला कम जगह में ज्यादा उत्पादन का तरीका
शाहजहांपुर, अमृत विचार। कम लागत और कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन कर किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से एक नया प्रयोग सामने आया है, जिसमें एक ही पौधे में ऊपर टमाटर और नीचे जड़ में आलू का उत्पादन किया जा रहा है।
इस अनोखे पौधे को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह को भेंट कर गंगानगर के प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा ने इस तकनीक की जानकारी दी गई। बताया कि वर्तमान समय में खेती में ऐसे प्रयोगों की आवश्यकता है, जिससे कम जगह में ज्यादा उत्पादन हो सके और किसान की आय में बढ़ोतरी हो। यह प्रयोग देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की किसान हितैषी सोच के अनुरूप बताया गया। इस पौधे के माध्यम से लोग अपने घर की गैलरी, छत और बालकनी में भी सब्जी उत्पादन कर सकते हैं। जैविक विधि से तैयार यह सब्जी स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होगी और घर में ताजी सब्जी सस्ते में उपलब्ध हो सकेगी। इस तरह के प्रयोग से न केवल घरेलू जरूरत पूरी की जा सकती है, बल्कि बड़े स्तर पर अपनाने पर अच्छी आय भी अर्जित की जा सकती है। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह, अनुज द्विवेदी, मयंक दीक्षित और गुड्डू गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
