सुसाइड अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई के लिए DGP को पुरस्कार, Meta सुसाइड अलर्ट से बचाई 2181 लोगों की जान
लखनऊ, अमृत विचार: यूपी पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण को पुलिस सोशल मीडिया पर जारी भ्रामक सूचनाओं का फैक्ट चेक करने और मेटा पर सुसाइड अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई के लिए सम्मान मिला है। इसके साथ ही तय हो गया है कि अत्याधुनिक टेक्नालाजी में यूपी किसी से कम नहीं हैं। इस सम्मान को नई दिल्ली के एक होटल में डीजीपी की तरफ से गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने प्राप्त किया।
सोशल मीडिया पर जारी होने वाले तमाम भ्रामक सूचनाओं की सत्यता के लिए यूपी पुलिस ने वर्ष 2017 में यूपी पुलिस फैक्ट चेक प्लेटफॉर्म शुरू किया था। इसी तरह पुलिस ने मेटा के साथ मिलकर सुसाइड अलर्ट भी जारी किया है। इस पर यदि कोई व्यक्ति सुसाइड करने की पोस्ट डालता है तो तुरंत ही पुलिस को अलर्ट मिलता है।
खास बात यह है कि यूपी पुलिस देश की एकमात्र राज्य पुलिस है, जिसे इस वर्ष दो अलग-अलग श्रेणियों में यह सम्मान प्राप्त हुआ। आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2023 से फरवरी 2026 तक मेटा अलर्ट के जरिए पुलिस ने 2181 लोगों की जान बचाई जा चुकी है।
