अयोध्या धाम में पर्यटन सुविधाओं से विकसित होगा पुराने जोनल ऑफिस, डीपीआर को मंजूरी 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी के पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अयोध्या धाम के पुराने जोनल ऑफिस को पर्यटन सुविधाओं से युक्त करके विकसित किया जाएगा। इस योजना पर पांच करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसकी डीपीआर को शासन से मंजूरी मिल गई है। नगर निगम ने इस पुराने भवन को पर्यटन की दृष्टि से सौंदर्यीकरण करने का निर्णय लिया है। ग्राउंड फ्लोर पर विस्तृत पार्किंग एरिया विकसित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को वाहन पार्क करने में आसानी हो।

साथ ही यहां कुछ दुकानें भी बनाई जाएंगी।जो स्थानीय उत्पादों, धार्मिक सामग्री और आवश्यक वस्तुओं की बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी। इससे न केवल पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि नगर निगम को किराए और अन्य स्रोतों से अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।इस भवन में तीन से चार कमरे भी बनाए जाएंगे। जिनका उपयोग विभिन्न उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। मेले और विशेष अवसरों पर यह ऑफिस जनहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां एक बड़ा मैप लगाया जाएगा, जिसमें अयोध्या धाम के सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों की जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा एक ऑपरेटर की व्यवस्था की जाएगी, जो आने वाले श्रद्धालुओं को अयोध्या के महत्वपूर्ण स्थलों, राम मंदिर, हनुमान गढ़ी, कनक भवन, सीता की रसोई आदि की विस्तृत जानकारी देगा।

सीएम ने दिया था आय बढ़ाने का निर्देश

यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर आधारित है। उन्होंने नगर निगम को अपनी भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स या पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए विस्तार करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में नगर निगम ने मास्टर प्लान तैयार किया और अब धीरे-धीरे अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। ऐसे में पुराने जोनल ऑफिस का यह पर्यटन विकास स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ भक्तों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा।

यह परियोजना अयोध्या को एक विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में नगर निगम का एक ठोस प्रयास है। सौंदर्यीकरण, पार्किंग, दुकानें और सूचना केंद्र जैसी सुविधाओं से यहां आने वाले श्रद्धालुओं का अनुभव और अधिक सुखद व सुगम बनेगा। नगर निगम का यह प्रयास न केवल आय बढ़ाने का माध्यम बनेगा, बल्कि अयोध्या की समग्र छवि को भी निखारेगा।-जयेंद्र कुमार, नगर आयुक्त

संबंधित समाचार