Bareilly : शहर में फैला कूड़ा, दफ्तर में बाबूगिरी कर रहे सफाई कर्मी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में तैनात 14 सफाई कर्मी मूल काम छोड़ घिस रहे कलम

बरेली, अमृत विचार। शासन की मंशा है कि शहरों को कचरा मुक्त बनाया जाए। इसके लिए स्पष्ट आदेश हैं कि सफाई कर्मचारियों से केवल उनके मूल पद का कार्य ही लिया जाए। नगर निगम में शासन के ये नियम फाइलों में दबा नजर आ रहा है। यहां 14 सफाई कर्मचारी झाड़ू छोड़कर बाबूगिरी कर रहे हैं। इस गंभीर विसंगति पर जब उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी से सवाल हुआ, तो उनका जवाब बेहद हास्यास्पद रहा। उनका कहना है कि इन कर्मियों का ''अटैचमेंट'' किया जा सकता है।

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में चल रहा यह ''अटैचमेंट खेल'' लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। शिकायतों के मुताबिक, ये 14 रसूखदार कर्मचारी फील्ड में पसीना बहाने के बजाय दफ्तरों के वातानुकूलित कमरों में बैठे हैं। शिकायतकर्ता ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय के लिपिक को भी बीते दिनों सभी सफाई कर्मियों के नाम और साक्ष्य के तौर पर फोटो दिए थे। इसमें कहा गया है कि अधिकांश कर्मचारी नगर स्वास्थ्य विभाग में ही ''अटैच'' हैं, जहां इनकी कोई ठोस जिम्मेदारी तय नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इन 14 कर्मियों की अन्यत्र तैनाती करने की मांग को लेकर उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी को भी पत्र भेजा है। नगर स्वास्थ्य विभाग में चल रहे अटैचमेंट खेल को लेकर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का साफ कहना है कि वह मामले को दिखवाएंगे, किसी विषम परिस्थिति में एक-दो कर्मचारी तो ठीक हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों के ऑफिस में तैनाती की जांच कराई जाएगी।

संबंधित समाचार