नोएडा में निर्माणाधीन साइट की दीवार गिरी, इलाके में हड़कंप; बारिश के बाद हुआ हादसा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में जहां हाल ही में बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी थी, वहीं अब यही बारिश मुसीबत बनती नजर आ रही है। ताजा मामला नोएडा फेस द्वितीय थाना क्षेत्र के ककराला गांव का है, जहां शुक्रवार तड़के सुबह से हो रही रुक-रुक कर बारिश के बीच एक निर्माणाधीन साइट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय अचानक तेज आवाज के साथ दीवार गिरने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त साइट पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था। यदि मजदूर काम कर रहे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। 

इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन साइट के पास बेसमेंट की खुदाई का कार्य चल रहा था। लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो गई, जिससे दीवार का संतुलन बिगड़ा और वह अचानक ढह गई। 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृति को रोका जा सके। 

ये भी पढ़ें  : 
बेमौसम बारिश ने बढ़ायी किसानों की चिंता, चना-मटर की फसलों पर बुरा असर, कटाई-मड़ाई के लिए तैयार गेहूं, अरहर, सरसों 

संबंधित समाचार