योगी सरकार ने लखनऊ को बनाया वर्ल्डक्लास सिटी : राजनाथ सिंह

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के दूसरे चरण के लोकार्पण के अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ तेजी से विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास अब केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के जीवन में दिखाई दे रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आईआईएम रोड से आउटर रिंग रोड तक लगभग 28 किलोमीटर लंबे ग्रीन कॉरिडोर से करीब 15 लाख लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और शहर में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के निर्माण के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया और रास्ते में आने वाले 150 से अधिक पेड़ों को काटने के बजाय दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि इस परियोजना में सेना की जमीन का भी उपयोग हुआ है और सिविल व रक्षा संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय से इसे पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि जब सिविल और डिफेंस मिलकर काम करते हैं तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ की तहजीब के साथ-साथ यहां के विकास की चर्चा दुनिया भर में हो रही है। विदेशों में रहने वाले भारतीय जब लखनऊ आते हैं तो यहां के विकास को देखकर प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि यूनेस्को द्वारा लखनऊ को ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ का दर्जा मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है। डिफेंस कॉरिडोर और ब्रह्मोस एयरोस्पेस परियोजनाओं से प्रदेश रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल भारत की सैन्य शक्ति का प्रतीक है और इससे आतंकवाद के खिलाफ देश को मजबूती मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाल के सिंगापुर और जापान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि योगी जी अपने गेरुए वस्त्र में ही वहां गए और अपनी सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया। विदेशों से मिले अनुभव और तकनीकी सहयोग से लखनऊ के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

ग्रीन कॉरिडोर की खास बातें

• कुल लंबाई लगभग 28 किलोमीटर

• परियोजना लागत – 1,519 करोड़ रुपये

• आईआईएम रोड से किसान पथ तक कनेक्टिविटी

• 45 मिनट का सफर घटकर 10-15 मिनट

• शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद

ये भी पढ़ें : नवरात्र मेले की तैयारियां शुरू: मां शाकुम्भरी मंदिर में जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश 

संबंधित समाचार