बरेली : गैंग बनाकर अवैध खनन करने वाले लोगों पर लगेगी एनएसए
डीएम ने कहा, अवैध खनन पर पूर्णता अंकुश लगाने को संलिप्त लोगों पर के खिलाफ होगी गैंगस्टर की कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। गैंग बनाकर अवैध खनन करने वाले बभिया के कृपाल सिंह और उसके गैंग में शामिल सदस्यों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। अवैध खनन में संलिप्त लोडर, ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ने पहुंचे राजस्व और खनन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों पर हमले की कोशिश, पथराव करने वाले गैंग लीडर कृपाल सिंह और उसके साथी महेश सहित गैंग में शामिल अन्य सदस्यों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए ) और गैंगस्टर लगायी जाएगी। डीएम अविनाश सिंह ने गैंग के विरुद्ध एनएसए और गैंगस्टर की कार्रवाई करने के लिए एसएसपी से बात की है। कार्रवाई के लिए आरोपियों की कुंडली खंगाली जा रही है।
डीएम अविनाश सिंह ने शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में बातचीत में बताया कि पिछले दिनों बहेड़ी में अंतर्राज्यीय ट्रांजिट परमिट के बिना उत्तराखंड से खनिज लाकर जिला प्रशासन को राजस्व का नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गयी थी। अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध बहेड़ी, देवरनिया और अन्य थानों में 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए गए थे। डीएम ने बताया कि अवैध खनन के विरुद्ध जबर्दस्त मुहिम चलाई जा रही है, जिससे इसमें संलिप्त लोगों का धंधा-पानी बंद होने की स्थिति में पहुंच गया है इसलिए उनमें बौखलाहट है। यही वजह है कि बभिया में 15 और 16 मार्च की मध्य रात्रि में अवैध खनन पर कार्रवाई करने के दौरान खान और राजस्व विभाग के अधिकारियों पर अवैध खनन में संलिप्त लोगों ने हमला किया था। वाहनों पर पथराव कर एक ट्रैक्टर ट्राली छुड़ाकर ले गए थे।
डीएम ने बताया कि गैंग पर एनएसए जैसी कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। एनएसए और गैंगस्टर लगाने के लिए एसएसपी से भी बात हो चुकी है। डीएम ने बताया कि अवैध खनन की कमर तोड़ने के लिए बड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस, राजस्व, खनन और परिवहन विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारी टीम बनाकर काम कर रहे हैं। दरअसल, गुरुवार को बभिया क्षेत्र में गैंग बनाकर अवैध खनन कराने वाले कृपाल सिंह, महेश सहित चार अन्य लोगों के विरुद्ध कैंट थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
