UP: डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने से गांव में तनाव, बसपाइयों का हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फूलबेहड़, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के पिपरा मरोड़ा गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों के तोड़े जाने से शनिवार को गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बसपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। कुछ समय के लिए गांव में हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिपरा मरोड़ा गांव में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को शुक्रवार की रात कुछ अराजक तत्वों ने खंडित कर दिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो गांव में रोष फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बसपा मंडल कोऑर्डिनेटर उमाशंकर गौतम, जिलाध्यक्ष विपिन कुमार गौतम, जिला प्रभारी अनूप कुमार, विधानसभा अध्यक्ष रवि चौधरी और रमाकांत सहित कई बसपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता गांव पहुंच गए। 

बसपा कार्यकर्ताओं ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हो गया। सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह, एसडीएम सदर अश्वनी कुमार, तहसीलदार सदर मुकेश कुमार वर्मा और फूलबेहड़ कोतवाल संतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों को आता देख बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष पुलिस की गाड़ी के सामने आ गए और घेराव कर नारेबाजी करने लगे। 

अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन ने पहले प्रतिमा की मरम्मत कराने का प्रस्ताव रखा, लेकिन ग्रामीणों और बसपा कार्यकर्ताओं ने इसे स्वीकार नहीं किया और नई प्रतिमा लगाए जाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान कुछ देर तक फिर माहौल में तल्खी आ गई और लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बाद में अधिकारियों ने नई प्रतिमा लगवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। 

तब जाकर ग्रामीण और बसपा कार्यकर्ता शांत हुए। फूलबेहड़ कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो सके।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू, बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; 200 बच्चों की पढ़ाई पर भी मंडराया संकट
कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म