बहराइच में तेज बारिश के बीच अदा की गई ईद की नमाज, देश में अमन-चैन के लिए मांगी दुआएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में ईद-उल-फितर का पर्व तेज बारिश के बीच भी पूरे उत्साह, श्रद्धा और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नमाजियों ने मौसम की परवाह किए बिना इबादत अदा कर देश में अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआएं मांगीं। मटेरा क्षेत्र में सुबह से हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा की।

बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। सीमावर्ती क्षेत्र रुपईडीहा में बारिश के चलते कई स्थानों पर ईदगाहों में नमाज संभव नहीं हो सकी, जिससे लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा की। नवाबगंज, बाबागंज, चर्दा और जमोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज सकुशल संपन्न हुई, जबकि रुपईडीहा कस्बे की ईदगाह में निर्धारित समय से कुछ विलंब के बाद नमाज अदा की गई। 

जरवल नगर में भी पारंपरिक उल्लास के साथ ईद मनाई गई। विभिन्न मस्जिदों में तय समय पर नमाज अदा हुई, जबकि ईदगाह में मौसम के कारण देरी से नमाज हुई। इमामों ने अपने खुत्बे में भाईचारे, इंसानियत और देश की उन्नति के लिए दुआ कराई। नानपारा तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। पयागपुर, विशेश्वरगंज और महसी क्षेत्रों में ईदगाहों में जलभराव के कारण मस्जिदों में नमाज हुई, जहां भारी भीड़ उमड़ी। 

त्योहार के अवसर पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और घरों में सेवइयों सहित विभिन्न पकवानों की खुशबू फैली रही। लोग एक-दूसरे के घर जाकर मिठाइयां बांटते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे जनपद में पुलिस और प्रशासन मुस्तैद रहा। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर शांति व्यवस्था बनाए रखी। विपरीत मौसम के बावजूद बहराइच में ईद-उल-फितर का पर्व प्रेम, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ संपन्न हुआ।  

संबंधित समाचार