पहली बार अमेरिका के वेस्ट कोस्ट पर MLC फाइनल: ओकलैंड कोलिजियम बनेगा क्रिकेट का नया मैदान, 18 जुलाई को होगा निर्णायक मुकाबला
ऑकलैंडः मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) 2026 के प्लेऑफ 15 जुलाई से ओकलैंड कोलिजियम में और फाइनल मुकाबला 18 जुलाई को खेला जायेगा। यह पहली बार होगा जब लीग के पोस्ट-सीजन मैच अमेरिका के वेस्ट कोस्ट पर खेले जाएंगे। चौथा सीजन 18 जून से 18 जुलाई तक चलेगा। इसकी शुरुआत ग्रैंड प्रेरी, टेक्सास में होगी, जिसके बाद मैच कैलिफोर्निया के अलग-अलग मैदानों में खेले जाएंगे। कोलिज़ियम 24 जून से 28 जून तक रेगुलर-सीजन के मैचों की मेजबानी भी करेगा। जुलाई के मध्य में होने वाले प्लेऑफ़ से पहले, यहां आठ मैचों में लीग की सभी छह टीमें आमने-सामने होंगी। इस सीजन की एक अहम बात यह है कि लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स को पोमोना में स्थित नाइट राइडर्स क्रिकेट फ़ील्ड के रूप में एक परमानेंट होम ग्राउंड मिल गया है। इस मैदान पर एक जुलाई से पांच जुलाई तक मैच खेले जाएंगे।
एमएलसी के मुख्य कार्यकारी जॉनी ग्रेव ने कहा, "पिछले तीन सालों में ग्रैंड प्रेरी में चैंपियनशिप फाइनल में हमारे फैन्स ने जो जोश दिखाया है, वह ज़बरदस्त रहा है; हर मैच के सारे टिकट बिक गए और खिलाड़ियों और समर्थकों, दोनों के लिए एक यादगार माहौल बन गया। जैसे-जैसे पूरे देश में हमारे फ़ैन्स की संख्या बढ़ रही है, हम कुछ नया करने और प्लेऑफ की उसी जबरदस्त एनर्जी को ओकलैंड कोलिजियम में लाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। पिछली गर्मियों में बे एरिया ने क्रिकेट के लिए जबरदस्त जुनून दिखाया था, और हम वेस्ट कोस्ट पर रेगुलर सीजन के मैचों और एमएलसी चैंपियनशिप फाइनल, दोनों के साथ इस खेल के और भी बड़े जश्न के लिए फैन्स का स्वागत करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
