गैस किल्लत : पीएनजी की ओर रुख कर रहे लोग, कनेक्शन बढ़े

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

50 से 51 हजार पहुंचा कनेक्शन का आंकड़ा

बरेली, अमृत विचार। रसोई गैस की कालाबाजारी और बुकिंग के लिए परेशान लोग अब पीएनजी की तरफ बढ़ने लगे हैं, जिन कॉलोनियों में पीएनजी की सप्लाई है, उन कॉलोनियों के लोगों ने आवेदन कर कनेक्शन लेने शुरू कर दिए हैं। वहीं, जहां इसकी सप्लाई नहीं है। वहां के लोग सप्लाई लगवाने के लिए भी आवेदन कर रहे हैं।

रसोई गैस के लिए आपाधापी मची हुई है। सिलेंडर के लिए लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा है। ठेले से लेकर होटल वाले मजबूरी में महंगे सिलेंडर खरीदते रहे हैं। ऐसे में लोग पीएनजी की ओर रुख कर रहे हैं। जिन कॉलोनियों में पीएनजी की पाइप लाइन है। वहां लोगों ने उसका कनेक्शन नहीं लिया था। वे अब कनेक्शन को जुड़वाने के लिए आवेदन करने लगे हैं। वहीं जहां पर पाइप लाइन नहीं बिछी है। वहां के लोग करीबी पाइप लाइन का जिक्र करते हुए कॉलोनी में इसे लगवाने की बात कह रहे हैं। एलपीजी की मारामारी से पहले जहां जिले में उसके 50 हजार कनेक्शन थे। वह अब 51 हजार का आंकड़ा पार हो गया है। पीएनजी अधिकारियों के अनुसार कनेक्शन के लिए लगातार आवेदन आ रहे हैं। पीएनजी के प्रशासनिक अधिकारी के अनुसार नए लोग लगातार कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं। जहां संभव है, वहां पर कनेक्शन जोड़ने का काम जारी है।

संबंधित समाचार