सदैव अमर रहेगी सनातन संस्कृति की मर्यादा... चित्तौड़गढ़ में सीएम योगी बोले- भारत को कमजोर कर रही जातिवाद की राजनीति
चित्तौड़गढ़/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जातिवाद की राजनीति देश की नींव को कमजोर कर रही है और समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन्हें कुछ नहीं करना है, वे समाज को जाति के आधार पर विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे भारत की एकता और शक्ति पर असर पड़ता है।
रविवार को चित्तौड़गढ़ में जौहर स्मृति संस्थान द्वारा आयोजित 'जौहर श्रद्धांजलि समारोह' में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा कि वीरों का सम्मान उनके पराक्रम और तपोबल से होता है, जबकि कायर लोग जाति के नाम पर समाज में विभाजन करते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास वीरता, त्याग और बलिदान की परंपरा से भरा हुआ है। महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह जैसे महान राष्ट्रनायकों ने सत्ता या स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि देश, धर्म और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्तौड़गढ़ की वीरभूमि भारत की अस्मिता और स्वाभिमान की प्रतीक है। यहां की वीरांगनाओं के जौहर, संतों की परंपरा और मेवाड़ के शौर्य ने पूरे देश को प्रेरणा दी है।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की मर्यादा सदैव अमर रहेगी और इसे कोई मिटा नहीं सकता। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब बेटियां सुरक्षित माहौल में पढ़ाई और नौकरी कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं नाइट शिफ्ट में काम कर सुरक्षित अपने घर लौट रही हैं, जो कानून व्यवस्था में आए बदलाव का प्रमाण है। कार्यक्रम में मेवाड़ के महाराणा विश्वराज सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई जनप्रतिनिधि और संत मौजूद रहे।
