ITP योजना से उद्योगों को मिलेगा कुशल मानव संसाधन... बोले पुलकित खरे- रोजगार से मजबूत होगा कौशल विकास का सेतु
लखनऊ, अमृत विचार : उप्र. कौशल विकास मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि औद्योगिक प्रशिक्षण भागीदारी (आईटीपी) योजना उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार-योग्य बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि उद्योग अपनी आवश्यकता के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित कर दक्ष कार्यबल तैयार कर सकते हैं, जिससे उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादकता में सुधार होगा।
मिशन निदेशक रविवार को उप्र. कौशल विकास मिशन और लघु उद्योग भारती से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों के साथ संयुक्त बैठक में संबोधित कर रहे थे। बैठक का उद्देश्य उद्योग प्रतिनिधियों को आईटीपी योजना की कार्यप्रणाली, लाभ और प्रावधानों की जानकारी देना था, ताकि कौशल विकास और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
पुलकित खरे ने यह भी स्पष्ट किया कि योजना का लक्ष्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को स्थायी और सम्मानजनक रोजगार से जोड़ना है। आईटीपी के तहत उद्योगों को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा, जिससे भर्ती प्रक्रिया सरल और कम खर्चीली होगी।
लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष रविंद्र सिंह और केशव माथुर ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उद्योग और सरकार के बीच समन्वय मजबूत होगा और युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे। बैठक में मयंक गंगवार, डॉ. एमके सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
