Budaun : नकाबपोश बदमाशों ने सैलून संचालक को मारी गोली, हालत गंभीर
एसएसपी अंकिता शर्मा ने एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया के साथ किया मौका मुआयना
उघैती/करियामई, अमृत विचार। थाना उघैती क्षेत्र के गांव ईखखेड़ा में सोमवार को दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने सैलून संचालक को गोली मार दी और फरार हो गए। संचालक गंभीर रूप घायल हो गया। उसे रुदायन के सामुमदायिक स्वास्थ्य केंद्र और वहां से जिला अस्पताल भेजा गया। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया के साथ मौका मुआयना किया। जल्द से जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। घटना से क्षेत्र में दहशत है।
गांव उघैती गर्वी पट्टी निवासी जाहिद कबाड़ की फेरी का काम करते हैं। उनका बेटा समीर (18) पुत्र जाहिद बदायूं-बिजनौर राजमार्ग स्थित गांव ईखखेड़ा में हेयर सैलून चलाता है। सोमवार दोपहर वह घर पर था। उनके परिजनों के अनुसार नमाज के बाद समीर के पास किसी का फोन आया और उसे सैलून पर बुलाया था। समीर दुकान पर चला गया। दोपहर तकरीबन ढाई बजे बाइक सवार तीन बदमाश आए। और सैलून में घुसकर समीर पर फायरिंग शुरू कर दी। समीर को गोली लगी। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी, फिर जिला अस्पताल और वहां से राजकीय मेडिकल ले जाकर भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय हेयर कटिंग का काम सीख रहा गांव ईखखेड़ा निवासी सोनू पुत्र नजरे आलम सैलून पर मौजूद था। गोली कांड के बाद वह सैलून से भागा एक बदमाश ने उसका पीछा भी किया था। उघैती के अलावा बिल्सी और इस्लामनगर से पुलिस बल पहुंचा। सूचना मिलने पर एसएसपी, एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया और एसओजी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं है। पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग तेज की है। पुलिस ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है। खुलासा के लिए टीमों का गठन किया गया है।
सोमवार दोपहर लगभग ढाई बजे बदमाशों युवक को गोली मार दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के अनावरण के लिए टीमों का गठन किया गया है। - डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसपी देहात।
